विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और नीदरलैंड के बीच मुकाबला जारी है। नीदरलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। भारतीय टीम में अरुंधति रेड्डी की जगह तेज गेंदबाज नंदिनी शर्मा को मौका मिला है।

लीड्स, 17 जून। विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 10वें मुकाबले में नीदरलैंड ने भारत के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। हेडिंग्ले में खेले जा रहे इस मैच में दोनों टीमों ने अपनी प्लेइंग इलेवन में एक-एक बदलाव किया है। भारतीय टीम में तेज गेंदबाज नंदिनी शर्मा को मौका मिला है, जबकि अरुंधति रेड्डी को आराम दिया गया है।
टॉस के बाद नीदरलैंड की कप्तान बैबेट डी लीड ने कहा कि पिच से गेंदबाजों को मदद मिलने की उम्मीद है और उनकी टीम लक्ष्य का पीछा करने के लिए तैयार है। वहीं भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा कि टीम पहले बल्लेबाजी कर खुद को चुनौती देना चाहती है और पावरप्ले में बेहतर प्रदर्शन पर फोकस रहेगा।
भारत इस मुकाबले में जीत की लय बरकरार रखने के इरादे से उतरा है। टीम ने अपने पहले मैच में पाकिस्तान को 64 रन से हराया था। उस मुकाबले में स्मृति मंधाना ने 68 रन और हरमनप्रीत कौर ने 36 रन की अहम पारी खेली थी। जवाब में पाकिस्तान की टीम 106 रन पर सिमट गई थी, जहां दीप्ति शर्मा ने शानदार 5 विकेट झटके थे।
भारत की प्लेइंग इलेवन:
शेफाली वर्मा, स्मृति मंधाना, यास्तिका भाटिया, जेमिमा रोड्रिगेज, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, श्रेयंका पाटिल, श्री चरणी, क्रांति गौड़, नंदिनी शर्मा।
नीदरलैंड की प्लेइंग इलेवन:
हीथर सीगर्स, फीबे मोल्केनबोअर, बैबेट डी लीड (कप्तान/विकेटकीपर), स्ट्रे कालिस, रॉबिन रिजके, फ्रेडरिक ओवरडिज्क, आइरिस ज्विलिंग, मर्थे वैन डेन राड, कैरोलिन डी लैंग, सिल्वर सीगर्स, इसाबेल वोनिंग।
