🔥 'रणबाली' का दमदार टीजर OUT! विजय देवरकोंडा योद्धा के अवतार में अंग्रेजों से भिड़ते नजर आए, वहीं रश्मिका मंदाना की भी दिखी झलक। फिल्म 16 अक्टूबर 2026 को होगी रिलीज।

विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रणबाली’ का टीजर रिलीज हो गया है। 9 सितंबर को सामने आए करीब ढाई मिनट के टीजर में विजय देवरकोंडा एक जबरदस्त योद्धा के रूप में नजर आ रहे हैं। पीरियड एक्शन ड्रामा की झलक ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।
अंग्रेजी हुकूमत के अत्याचार के बीच शुरू होती है कहानी…..
टीजर की कहानी 19वीं सदी के दौर में ले जाती है। इसमें अंग्रेजी शासन के दौरान भारतीय ग्रामीणों पर होने वाले अत्याचार और उनकी मुश्किल जिंदगी को दिखाया गया है। भूख-प्यास से परेशान लोगों की हालत और अंग्रेजों की बेरहमी कहानी के माहौल को काफी गंभीर बना देती है। टीजर में दिखाया गया है कि जब जुल्म हद से आगे बढ़ जाता है, तब विजय देवरकोंडा का किरदार कहानी में एंट्री लेता है और अंग्रेजों के खिलाफ मोर्चा खोल देता है।
योद्धा बने विजय देवरकोंडा…..
फिल्म में विजय ‘सिंगनामला बोब्बिली रणबाली’ नाम के योद्धा की भूमिका निभा रहे हैं। टीजर में उनका किरदार बेहद आक्रामक और दमदार नजर आता है। अंग्रेजों के खिलाफ उनकी लड़ाई फिल्म के एक्शन को खास बनाने वाली है। वहीं, टीजर में रश्मिका मंदाना की भी छोटी सी झलक दिखाई देती है। फिल्म में वह जयम्मा का किरदार निभा रही हैं और विजय के किरदार की पत्नी के रूप में नजर आएंगी।
कौन है फिल्म का विलेन….?
‘रणबाली’ में हॉलीवुड अभिनेता अर्नोल्ड वोस्लो विलेन की भूमिका में दिखाई देंगे। फिल्म के टीजर से संकेत मिलता है कि विजय और उनके किरदार के बीच जबरदस्त टकराव देखने को मिलेगा। फिल्म का निर्देशन राहुल सांकृत्यायन ने किया है। कहानी की पीरियड सेटिंग, एक्शन और विजय का लुक फिल्म को लेकर चर्चा बढ़ा रहा है।
इस दिन रिलीज होगी ‘रणबाली’…..
पहले ‘रणबाली’ को 11 सितंबर 2026 को रिलीज किया जाना था। अब इसकी रिलीज डेट बदलकर 16 अक्टूबर 2026 कर दी गई है। फिल्म दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। टीजर को देखकर साफ है कि मेकर्स ने फिल्म में इतिहास, इमोशन और जबरदस्त एक्शन का मिश्रण पेश करने की कोशिश की है। अब देखना होगा कि विजय देवरकोंडा का यह योद्धा वाला अंदाज बड़े पर्दे पर दर्शकों को कितना पसंद आता है।
