संजय दत्त से जब महाराष्ट्र के मंत्री ने मराठी में बोलने को कहा, तो अभिनेता ने ऐसा जवाब दिया कि पूरा माहौल ही मजेदार हो गया। बोले- “6 साल जेल में रहा, तब भी मराठी नहीं सीख पाया।” 😄

बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त अपनी फिल्मों और दमदार अंदाज के लिए तो मशहूर हैं ही, लेकिन उनकी बेबाक और हाजिरजवाबी भी अक्सर लोगों का ध्यान खींच लेती है. हाल ही में मुंबई में हुए एक कार्यक्रम में इसका एक और उदाहरण देखने को मिला. महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने संजय दत्त से मराठी में बात करने की अपील की, लेकिन अभिनेता ने ऐसा जवाब दिया कि माहौल ही हल्का-फुल्का हो गया. संजय दत्त का यह जवाब अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. उन्होंने मराठी न बोल पाने की वजह बताते हुए अपने जेल के दिनों का जिक्र कर दिया.
मंच पर मंत्री ने की मराठी में बात करने की अपील…..
मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम में संजय दत्त और महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक एक साथ मंच पर मौजूद थे. कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने कहा कि वह इन दिनों लोगों को मराठी भाषा सीखने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि जब संजय दत्त यहां आए हैं तो क्यों न उनसे भी मराठी में बात करवाई जाए. मंत्री ने यह भी कहा कि संजय आमतौर पर हिंदी में बोलते हैं, जबकि कार्यक्रम में मौजूद लोग मराठी समझते हैं. मंत्री की इस मांग के बाद सबकी नजरें संजय दत्त के जवाब पर टिक गईं.
संजय दत्त ने अपने अंदाज में दिया जवाब……
संजय दत्त ने मंत्री की बात का जवाब बेहद सहज और मजेदार अंदाज में दिया. उन्होंने कहा कि वह करीब छह साल यरवदा जेल में रहे, लेकिन उस दौरान भी वह मराठी नहीं सीख पाए. अभिनेता ने कहा कि उन्होंने मराठी थोड़ी-बहुत जरूर सीखी थी, लेकिन वह भाषा में पूरी तरह सहज नहीं हो पाए. संजय का यह जवाब सुनकर वहां मौजूद लोग मुस्कुराने लगे. अभिनेता ने इसके बाद प्रताप सरनाईक के साथ अपनी पुरानी दोस्ती का भी जिक्र किया.
‘प्रताप भाई’ के साथ बताया 25 साल पुराना रिश्ता……
संजय दत्त ने मंत्री प्रताप सरनाईक को अपना दोस्त बताते हुए उनका धन्यवाद किया. उन्होंने कहा कि दोनों का रिश्ता काफी पुराना है और करीब 25 साल से एक-दूसरे को जानते हैं. इस दौरान संजय दत्त ने मंत्री के साथ दोस्ताना अंदाज में बातचीत की और उनके गले में हाथ भी रखा. कार्यक्रम में अभिनेता ने ‘हर-हर महादेव’ के नारे भी लगाए. इस पूरे वाकये का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और संजय दत्त के जवाब को लेकर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.
महाराष्ट्र में क्यों गरमाया हुआ है मराठी भाषा का मुद्दा……?
संजय दत्त का यह बयान ऐसे समय में सामने आया है जब महाराष्ट्र में मराठी भाषा को लेकर बहस लगातार चर्चा में है. राज्य में सार्वजनिक जीवन और रोजमर्रा के कामकाज में मराठी के इस्तेमाल को लेकर कई बार राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चा होती रही है. हाल के दिनों में ऑटो, टैक्सी और कैब चालकों के लिए मराठी भाषा से जुड़ी शर्तों को लेकर भी खबरें सामने आई हैं. इस मुद्दे पर सरकार के फैसले और उसके असर को लेकर अलग-अलग राय देखने को मिल रही है. ऐसे माहौल में जब मंच से संजय दत्त से मराठी बोलने की मांग की गई, तो उनका जेल के दिनों का संदर्भ देते हुए दिया गया जवाब सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींचने लगा.
संजय दत्त का जवाब बना चर्चा का हिस्सा……
संजय दत्त के जवाब में गंभीर राजनीतिक बयान के बजाय उनका जाना-पहचाना बेबाक अंदाज नजर आया. उन्होंने बात को विवाद का रूप देने के बजाय दोस्ताना माहौल में जवाब दिया और फिर प्रताप सरनाईक के साथ अपनी पुरानी दोस्ती का जिक्र किया. यही वजह है कि कार्यक्रम का यह छोटा सा पल अब सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रहा है. संजय दत्त की हाजिरजवाबी ने एक बार फिर दिखा दिया कि अभिनेता कैमरे के सामने ही नहीं, बल्कि सार्वजनिक कार्यक्रमों में भी अपने अंदाज से माहौल बदलने की क्षमता रखते हैं……
