🏏 रियल एस्टेट में सचिन तेंदुलकर का बड़ा ‘चौका’! लोनावला में 70 करोड़ रुपये की जमीन खरीदी. आखिर क्यों सेलिब्रिटीज और बड़े निवेशकों की पसंद बन रहा है लोनावला? 🏡💰

क्रिकेट की दुनिया में अपने बल्ले से बड़े-बड़े रिकॉर्ड बनाने वाले मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर अब रियल एस्टेट में भी बड़ा निवेश करते नजर आए हैं. सचिन तेंदुलकर ने महाराष्ट्र के लोनावला में करीब 70 करोड़ रुपये में जमीन खरीदी है. रजिस्ट्री से जुड़े दस्तावेजों के मुताबिक यह पूरी संपत्ति करीब 3.86 एकड़ में फैली हुई है. यह प्रॉपर्टी डील 4 सितंबर 2026 को तीन अलग-अलग पंजीकृत दस्तावेजों के जरिए पूरी हुई. इस खरीद में जमीन के साथ एक बना हुआ ढांचा भी शामिल है. खास बात यह है कि पूरी जमीन पर सचिन का एक जैसा मालिकाना हक नहीं है.
70 करोड़ में कितनी जमीन खरीदी…..?
दस्तावेजों के मुताबिक सचिन तेंदुलकर ने कुल करीब 3.86 एकड़ जमीन के लिए लगभग 70 करोड़ रुपये खर्च किए हैं. इसमें करीब 3.09 एकड़ जमीन पर उनका पूरा मालिकाना हक है. वहीं, बाकी दो संपत्तियों में उन्होंने 50 फीसदी अविभाजित हिस्सेदारी खरीदी है. पूरी संपत्ति लगभग 1.68 लाख वर्ग फुट क्षेत्र में फैली हुई बताई जा रही है. जमीन पर करीब 2,100 वर्ग फुट का बना हुआ ढांचा भी मौजूद है. यानी क्रिकेट के मैदान पर चौके-छक्के लगाने वाले सचिन ने अब प्रॉपर्टी मार्केट में भी एक बड़ा दांव खेला है.
स्टांप ड्यूटी और रजिस्ट्रेशन पर भी करोड़ों खर्च…..
70 करोड़ रुपये की जमीन खरीदने के साथ सचिन तेंदुलकर को सरकारी शुल्क भी चुकाना पड़ा है. इस सौदे पर करीब 4.20 करोड़ रुपये की स्टांप फीस दी गई है. इसके अलावा करीब 90 हजार रुपये की रजिस्ट्रेशन फीस भी जमा की गई. यानी जमीन की कीमत के अलावा सरकारी शुल्क के रूप में भी बड़ी रकम इस सौदे में गई है.
लोनावला ही क्यों बन रहा है अमीरों की पसंद…..?
मुंबई और पुणे के बीच स्थित लोनावला लंबे समय से लोगों के लिए पसंदीदा हिल स्टेशन रहा है. लेकिन अब इसकी पहचान सिर्फ घूमने-फिरने की जगह तक सीमित नहीं रह गई है. यहां लग्जरी घरों, फार्महाउस और जमीन की मांग लगातार लोगों का ध्यान खींच रही है. लोनावला की प्राकृतिक खूबसूरती, हरियाली और सुहावना मौसम इसे दूसरे घर यानी सेकेंड होम के लिए आकर्षक बनाते हैं. मुंबई और पुणे जैसे बड़े शहरों से कनेक्टिविटी भी इसकी प्रॉपर्टी डिमांड को बढ़ाती है. इसी वजह से बड़े कारोबारी, निवेशक और सेलिब्रिटीज भी यहां प्रॉपर्टी में पैसा लगाते रहे हैं. सचिन तेंदुलकर की हालिया खरीद को भी इसी बढ़ते आकर्षण की एक मिसाल के तौर पर देखा जा सकता है.
एक नहीं, तीन अलग-अलग दस्तावेजों में हुई खरीद…..
सचिन तेंदुलकर की यह प्रॉपर्टी डील एक ही बिक्री दस्तावेज के जरिए पूरी नहीं हुई. रजिस्ट्री के आंकड़ों के अनुसार जमीन की खरीद तीन अलग-अलग बिक्री दस्तावेजों के जरिए हुई. इनमें सबसे बड़ा हिस्सा करीब 3.09 एकड़ का है, जिस पर सचिन का पूरा अधिकार है. वहीं अन्य दो संपत्तियों में उनकी 50 फीसदी हिस्सेदारी है.
क्रिकेट के बाद अब प्रॉपर्टी में भी बड़ा निवेश……
सचिन तेंदुलकर की लोनावला में करीब 70 करोड़ रुपये की जमीन खरीद ने एक बार फिर सेलिब्रिटी प्रॉपर्टी निवेश को चर्चा में ला दिया है. लोनावला जैसे प्रीमियम लोकेशन पर इतनी बड़ी डील यह भी दिखाती है कि मुंबई-पुणे क्षेत्र के आसपास लग्जरी रियल एस्टेट में बड़े निवेशकों की दिलचस्पी बनी हुई है. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि सचिन तेंदुलकर इस जमीन का इस्तेमाल किस तरह करते हैं. फिलहाल, उनकी यह खरीद क्रिकेट के मैदान के बाहर उनके एक और बड़े ‘शॉट’ के तौर पर जरूर चर्चा में है.
