टीचर्स डे पर बॉलीवुड सितारों ने अपने गुरुओं को किया याद ❤️ कृति सेनन ने मां को बताया अपनी फेवरेट टीचर, तो हर्षवर्धन राणे और राजा मुराद ने भी अपने मेंटर्स के लिए लिखा खास संदेश।

5 सितंबर यानी टीचर्स डे का दिन हर उस शख्स को याद करने का मौका देता है, जिसने जिंदगी में हमें कुछ सिखाया और आगे बढ़ने की राह दिखाई। आम लोगों की तरह बॉलीवुड सितारे भी इस खास दिन अपने गुरुओं और मार्गदर्शकों को याद करते नजर आए। कृति सेनन, हर्षवर्धन राणे, राजा मुराद और फिल्म प्रोड्यूसर साकेत साहनी ने सोशल मीडिया पर खास पोस्ट शेयर कर अपने-अपने ‘टीचर’ के प्रति आभार जताया।
हर्षवर्धन राणे ने कई गुरुओं को किया याद…..
एक्टर हर्षवर्धन राणे ने टीचर्स डे के मौके पर उन लोगों को याद किया, जिन्होंने उनके सफर में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने सोशल मीडिया पर कई तस्वीरें शेयर कीं। इनमें वह अभिनेता-प्रोड्यूसर जॉन अब्राहम, फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा और एक्टिंग कोच सौरभ सचदेवा के साथ नजर आए। इन तस्वीरों के साथ हर्षवर्धन ने अपने शिक्षकों को अपना ‘गॉडफादर’ बताते हुए उन्हें टीचर्स डे की शुभकामनाएं दीं। उनके पोस्ट से साफ नजर आया कि वह अपने करियर में मार्गदर्शन देने वाले लोगों को कितना महत्व देते हैं।
कृति सेनन के लिए मां ही हैं उनकी फेवरेट टीचर……
टीचर्स डे पर कृति सेनन ने एक बेहद खास तस्वीर शेयर की। उन्होंने अपनी मां के साथ फोटो पोस्ट करते हुए उन्हें अपनी जिंदगी की ‘फेवरेट टीचर’ बताया। कृति का यह पोस्ट इस बात की ओर इशारा करता है कि जिंदगी की पहली सीख अक्सर घर से ही मिलती है। मां-बाप सिर्फ पढ़ाई नहीं, बल्कि जीवन को समझने और मुश्किल परिस्थितियों का सामना करने की सीख भी देते हैं।
राजा मुराद ने शत्रुघ्न सिन्हा को बताया अपना गुरु……
वेटरन एक्टर राजा मुराद ने टीचर्स डे पर अभिनेता और राजनेता शत्रुघ्न सिन्हा के साथ तस्वीर शेयर की। उन्होंने बताया कि शत्रुघ्न सिन्हा पुणे स्थित FTII में उनके सीनियर रहे हैं और उन्होंने हमेशा उन्हें अपना शिक्षक माना है। राजा मुराद ने अपने पोस्ट में शत्रुघ्न सिन्हा से मिली सीख का जिक्र करते हुए उन्हें एक कॉन्फिडेंट एक्टर, बेबाक राजनेता और अच्छे इंसान के रूप में अपनी प्रेरणा बताया। उन्होंने शत्रुघ्न सिन्हा के सेंस ऑफ ह्यूमर और उनके व्यक्तित्व की भी तारीफ की। अभिनेता ने अपने इस खास पोस्ट के जरिए शत्रुघ्न सिन्हा को स्वस्थ और लंबी जिंदगी की शुभकामनाएं भी दीं।
साकेत साहनी ने एकता कपूर को कहा गुरु……
फिल्म प्रोड्यूसर साकेत साहनी ने भी टीचर्स डे पर अपनी ‘टीचर’ को याद किया। उन्होंने एकता कपूर के साथ तस्वीर शेयर करते हुए उनके मार्गदर्शन और भरोसे के लिए धन्यवाद दिया। साकेत ने कहा कि एकता कपूर की समझदारी और उन पर भरोसे ने उनके सफर में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने माना कि एकता के सहयोग के बिना वह आज उस मुकाम तक नहीं पहुंच पाते, जहां वह हैं।
सितारों के पोस्ट ने बताया गुरु का असली महत्व……
टीचर्स डे पर सामने आए इन पोस्ट में एक बात समान रही—सीख सिर्फ किताबों और क्लासरूम तक सीमित नहीं होती। कभी मां जिंदगी की पहली गुरु बनती हैं, तो कभी कोई सीनियर, मेंटर या साथी हमें अपने अनुभवों से आगे बढ़ने की राह दिखाता है। बॉलीवुड सितारों के इन भावुक संदेशों ने भी यही याद दिलाया कि सफलता की कहानी में अक्सर उन लोगों का योगदान छिपा होता है, जिन्होंने सही समय पर हमें दिशा दिखाई। यही वजह है कि टीचर्स डे सिर्फ शिक्षकों को धन्यवाद कहने का दिन नहीं, बल्कि अपने जीवन के हर उस गुरु को याद करने का मौका है, जिसने हमें बेहतर बनने में मदद की।
