जम्मू-कश्मीर के कटरा में CISF की ड्यूटी पर जा रही गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। वाहन पलटने से 9 जवानों समेत 10 लोग घायल हो गए, जबकि 3 जवानों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।

जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कटरा के पास केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) का एक वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में वाहन में सवार 9 जवानों समेत कुल 10 लोग घायल हो गए। इनमें तीन जवानों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए जम्मू के सरकारी मेडिकल कॉलेज (GMC) अस्पताल रेफर किया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, हादसा कटरा के ताराकोटे–बालिनी मार्ग पर एक तीखे मोड़ के पास हुआ। ड्यूटी पर तैनात CISF का वाहन अचानक संतुलन खो बैठा और सड़क पर पलट गया। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन, पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंच गए और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
3 जवान गंभीर, 7 को मामूली चोटें
प्रशासन ने बताया कि हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए तीन जवानों को जम्मू के सरकारी मेडिकल कॉलेज (GMC) अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं सात अन्य जवानों और वाहन चालक को हल्की चोटें आई हैं, जिनका इलाज कटरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में किया जा रहा है।
अस्पताल रेफर किए गए गंभीर घायलों की पहचान हेड कांस्टेबल पी. के. टिट्रिया, हेड कांस्टेबल एम. एम. डे और कांस्टेबल शौमी के रूप में हुई है। अधिकारियों के मुताबिक कांस्टेबल शौमी के सिर में गंभीर चोट लगी है और उनकी स्थिति पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
अधिकारियों ने लिया हालचाल
हादसे की सूचना मिलते ही उप महानिरीक्षक (रियासी-उधमपुर रेंज) शिव कुमार शर्मा अस्पताल पहुंचे और घायल जवानों का हालचाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों से इलाज की जानकारी ली और सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं।
