फ्लाईओवर के नीचे लोहे का गार्डर गिरा, 2 कांवड़ियों की मौत

उत्तराखंड के हरिद्वार से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। शनिवार (1 अगस्त) को बहादराबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बड़ेड़ी राजपूतान में फ्लाईओवर के नीचे अचानक लोहे का भारी गार्डर गिरने से दो कांवड़ियों की मौके पर गंभीर चोटें आईं, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और प्रशासन ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं जांच कार्य शुरू किया।
फ्लाईओवर के नीचे कर रहे थे विश्राम
जानकारी के अनुसार, दोनों कांवड़िए हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने घर लौट रहे थे। यात्रा के दौरान वे फ्लाईओवर के नीचे कुछ देर आराम करने के लिए रुके थे। इसी दौरान फ्लाईओवर के पास रखा या स्थापित लोहे का भारी गार्डर अचानक फिसलकर नीचे गिर गया, जिसकी चपेट में दोनों युवक आ गए। घायलों को बिना देर किए उप जिला चिकित्सालय रुड़की पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की हुई पहचान
पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले कांवड़ियों की पहचान इस प्रकार हुई है—
- तनुज (21 वर्ष), पुत्र महेश चंद्र, निवासी छोटा हरिद्वार, जलालाबाद, थाना मुरादनगर, जनपद गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश)
- कृष्ण (22 वर्ष), पुत्र मटरु, निवासी शकूरपुर, थाना भोजपुर, जनपद गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश)
दोनों युवक कांवड़ यात्रा पूरी कर गंगाजल लेकर अपने घर लौट रहे थे।
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
गार्डर गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद श्रद्धालु और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े। पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और राहत कार्य शुरू किया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
