✈️ IndiGo यात्रियों के लिए जरूरी अलर्ट! एयरलाइन की वेबसाइट पर तकनीकी दिक्कत के चलते टिकट बुकिंग और फ्लाइट सर्च में परेशानी आ रही है। जानें कंपनी ने यात्रियों को क्या सलाह दी।

इंडिगो की वेबसाइट पर तकनीकी समस्या के चलते यात्रियों को टिकट बुकिंग और फ्लाइट सर्च जैसी ऑनलाइन सेवाओं का इस्तेमाल करने में परेशानी हो रही है. एयरलाइन ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी कर जरूरी जानकारी दी है.
अगर आप आने वाले दिनों में फ्लाइट से सफर करने वाले हैं और इंडिगो की उड़ान का टिकट बुक करने की तैयारी कर रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए जरूरी है. एयरलाइन की ऑनलाइन सेवाओं में तकनीकी समस्या सामने आई है. इसके चलते कुछ यात्रियों को वेबसाइट पर टिकट बुक करने और फ्लाइट सर्च करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
इंडिगो की वेबसाइट पर आई तकनीकी परेशानी….
शुक्रवार, 21 अगस्त को इंडिगो की वेबसाइट पर जाने वाले कुछ यूजर्स को ऑनलाइन सेवाओं का इस्तेमाल करने में दिक्कत हुई. एयरलाइन की ओर से जारी एडवाइजरी में बताया गया कि उसके कोर रिजर्वेशन प्लेटफॉर्म में बीच-बीच में तकनीकी समस्या आ रही है. इस समस्या के कारण कुछ ग्राहकों को ऑनलाइन सुविधाओं तक पहुंचने में परेशानी हो सकती है. कंपनी ने कहा है कि उसकी टीम अपने टेक्नोलॉजी पार्टनर के साथ मिलकर इस समस्या को प्राथमिकता के आधार पर ठीक करने में जुटी हुई है.
टिकट बुक करना है तो क्या करें….?
इंडिगो ने यात्रियों को सलाह दी है कि अगर उन्हें तुरंत टिकट बुक करना जरूरी है, तो वे एयरलाइन के कॉन्टैक्ट सेंटर से संपर्क कर सकते हैं. वहीं, जिन यात्रियों का सफर कुछ समय बाद है, उन्हें फिलहाल इंतजार करने और बाद में वेबसाइट पर दोबारा टिकट बुक करने या फ्लाइट सर्च करने की सलाह दी गई है. यानी अगर आपकी यात्रा तुरंत नहीं है तो तकनीकी समस्या ठीक होने तक इंतजार करना बेहतर विकल्प हो सकता है.
पहले भी सामने आई थी ऐसी समस्या….
इंडिगो की ऑनलाइन सेवाओं में इस तरह की परेशानी इससे पहले भी सामने आ चुकी है. 19 अगस्त को भी कुछ ग्राहकों को टिकट बुकिंग और ऑनलाइन चेक-इन में दिक्कत हुई थी. उस समय कंपनी ने बताया था कि वह अपने टेक्नोलॉजी पार्टनर के साथ मिलकर रिजर्वेशन सिस्टम से जुड़ी समस्या को दूर करने पर काम कर रही है. शुक्रवार को वेबसाइट पर कुछ यूजर्स को ‘NO DATA AVAILABLE’ का मैसेज भी दिखाई दिया. इसके बाद एयरलाइन ने यात्रियों को स्थिति की जानकारी देने के लिए एडवाइजरी जारी की.
यात्रियों से की असुविधा के लिए माफी….
इंडिगो ने यात्रियों से हुई परेशानी के लिए माफी मांगी है. कंपनी की टीम समस्या को जल्द से जल्द ठीक करने की कोशिश कर रही है. ऐसे में यात्रियों को सलाह है कि टिकट बुकिंग या फ्लाइट से जुड़ी जरूरी जानकारी के लिए एयरलाइन के आधिकारिक माध्यमों का ही इस्तेमाल करें…..
