47 साल के कप्तान इमरान ताहिर की टीम का CPL 2026 में धमाल!

कैरिबियन प्रीमियर लीग 2026 में गुयाना अमेजन वॉरियर्स का प्रदर्शन इस समय चर्चा का विषय बना हुआ है। 47 साल के कप्तान इमरान ताहिर की अगुवाई में टीम ने टूर्नामेंट के शुरुआती पांचों मुकाबले जीत लिए हैं। गुयाना की जीत का अंदाज भी खास रहा है। टीम ने गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों विभागों में शानदार प्रदर्शन किया और कई मुकाबलों में विपक्षी टीम को बड़े अंतर से मात दी। लगातार पांच जीत के बाद टीम की प्लेऑफ की राह भी काफी मजबूत दिखाई दे रही है। पिछले सीजन में रनरअप रहने वाली गुयाना अमेजन वॉरियर्स इस बार खिताब जीतने की प्रबल दावेदार के रूप में उभर रही है।
पहला मैच: जमैका किंग्समेन को 6 विकेट से हराया
गुयाना अमेजन वॉरियर्स ने अभियान की शुरुआत जमैका किंग्समेन के खिलाफ की। पहले बल्लेबाजी करने उतरी जमैका की टीम 19.4 ओवर में 117 रन पर ऑलआउट हो गई।
गुयाना की ओर से मोहम्मद नबी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट हासिल किए। इसके बाद लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुयाना ने सिर्फ 14.1 ओवर में चार विकेट गंवाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
शाई होप टीम की जीत के सबसे बड़े हीरो रहे। उन्होंने 41 गेंदों पर दो चौके और चार छक्कों की मदद से 56 रन बनाए।
दूसरे मैच में सेंट लूसिया किंग्स को दी मात
दूसरे मुकाबले में गुयाना का सामना सेंट लूसिया किंग्स से हुआ। सेंट लूसिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट खोकर 151 रन बनाए। गुयाना के बल्लेबाजों ने लक्ष्य का पीछा करते हुए ज्यादा परेशानी नहीं झेली और 18.1 ओवर में तीन विकेट गंवाकर मैच जीत लिया। इस मुकाबले में मावेंद्र डिंड्याल ने शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 51 गेंदों में पांच चौके और दो छक्कों की मदद से 50 रन की पारी खेली।
तीसरे मैच में सिर्फ 9.5 ओवर में खत्म किया मुकाबला
गुयाना ने अपने तीसरे मैच में एंटीगुआ एंड बारबुडा फाल्कन्स का सामना किया। एंटीगुआ की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 17 ओवर में सिर्फ 116 रन पर ढेर हो गई। इसके बाद गुयाना के बल्लेबाजों ने गेंदबाजों पर जमकर हमला बोला। टीम ने महज 9.5 ओवर में तीन विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। शिमरोन हेटमायर ने इस मुकाबले में तूफानी बल्लेबाजी की। उन्होंने सिर्फ 19 गेंदों में 49 रन ठोक दिए। उनकी पारी में एक चौका और छह छक्के शामिल रहे। उनका स्ट्राइक रेट 257.89 रहा।
बारिश से प्रभावित मैच में भी नहीं रुका विजयी अभियान
चौथे मुकाबले में गुयाना अमेजन वॉरियर्स की भिड़ंत ट्रिनबैगो नाइट राइडर्स से हुई। बारिश के कारण मैच को 16-16 ओवर का कर दिया गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए गुयाना ने पांच विकेट के नुकसान पर 185 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ट्रिनबैगो नाइट राइडर्स की टीम 16 ओवर में सात विकेट पर 172 रन ही बना सकी। इस तरह गुयाना ने यह मुकाबला भी अपने नाम कर लिया और लगातार चार जीत दर्ज कर लीं।
गुयाना का पांचवां मुकाबला एक बार फिर जमैका किंग्समेन के खिलाफ हुआ। जमैका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट खोकर 159 रन बनाए। लेकिन गुयाना के बल्लेबाजों के सामने यह स्कोर भी ज्यादा चुनौतीपूर्ण साबित नहीं हुआ। टीम ने 17.2 ओवर में सिर्फ दो विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ इमरान ताहिर की टीम ने टूर्नामेंट में लगातार पांचवीं जीत दर्ज कर ली।
47 साल के इमरान ताहिर की कप्तानी में दिख रहा अनुभव
इमरान ताहिर की उम्र 47 साल हो चुकी है, लेकिन क्रिकेट के मैदान पर उनका अनुभव अब भी टीम के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रहा है। उनकी कप्तानी में गुयाना ने शुरुआती पांचों मैचों में निरंतरता दिखाई है। टी20 क्रिकेट में जहां छोटी-सी गलती भी मैच का रुख बदल सकती है, वहीं गुयाना ने अब तक दबाव की परिस्थितियों में भी बेहतर प्रदर्शन किया है। बल्लेबाजी में आक्रामकता और गेंदबाजी में अनुशासन टीम की सफलता की बड़ी वजह नजर आ रही है।
