अजिंक्य रहाणे ने इंटरनेशनल क्रिकेट से लिया संन्यास

भारतीय क्रिकेट के अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। रहाणे ने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो साझा करते हुए अपने फैसले की जानकारी दी। वीडियो में वह अपने क्रिकेट सफर को याद करते हुए भावुक नजर आए और अपने परिवार, कोच, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI), मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA), टीम के साथियों और प्रशंसकों का दिल से आभार जताया।
रहाणे ने कहा कि हर खिलाड़ी के जीवन में एक समय ऐसा आता है, जब उसे आगे बढ़ने का फैसला लेना पड़ता है और उन्हें लगता है कि अब उनके अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने का सही समय आ गया है।
भावुक संदेश में क्या बोले अजिंक्य रहाणे?
अपने वीडियो संदेश में रहाणे ने कहा,
“हर चीज का एक सही समय होता है और मुझे लगता है कि अब मेरे संन्यास का सही समय आ गया है। मैंने इस खेल को अपना सबकुछ दिया, जितना मैं दे सकता था।”
उन्होंने अपने क्रिकेट करियर की शुरुआत से लेकर टीम इंडिया तक के सफर को याद किया और कहा कि यह यात्रा उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसी रही। रहाणे ने अपनी पत्नी और परिवार का विशेष रूप से धन्यवाद करते हुए कहा कि मुश्किल समय में उनका साथ और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत रहा।
2021 में ऐतिहासिक बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी जीत दिलाई
अजिंक्य रहाणे का नाम भारतीय क्रिकेट इतिहास में हमेशा सम्मान के साथ लिया जाएगा। वर्ष 2020-21 में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर नियमित कप्तान विराट कोहली की अनुपस्थिति में उन्होंने टीम इंडिया की कप्तानी संभाली। एडिलेड टेस्ट में हार के बाद रहाणे की कप्तानी में भारत ने शानदार वापसी करते हुए ऑस्ट्रेलिया को उसी की धरती पर हराकर बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी अपने नाम की थी। यह भारतीय क्रिकेट के सबसे यादगार विदेशी दौरों में से एक माना जाता है।
कप्तान के रूप में शानदार रिकॉर्ड
रहाणे ने भारत के लिए कुल 6 टेस्ट मैचों में कप्तानी की।
- मैच: 6
- जीत: 4
- ड्रॉ: 2
- हार: 0
एक कप्तान के रूप में उनका रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा और उन्होंने कभी भी टेस्ट कप्तान के रूप में हार का सामना नहीं किया।
अजिंक्य रहाणे का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर
38 वर्षीय रहाणे ने 2011 में वनडे और टी20 में इंटरनेशनल डेब्यू किया था. 2013 में उन्होंने पहला टेस्ट खेला था. उन्होंने जुलाई 2023 में आखिरी टेस्ट खेला था, जो उनका आखिरी इंटरनेशनल मैच साबित हुआ. वनडे की बात करें तो वह 2018 के बाद से टीम में जगह नहीं बना पाए, टी20 इंटरनेशनल में भी वह 2016 से बाहर चल रहे थे। रहाणे को भी पता था कि अब शायद उनकी वापसी टीम में न हो.
रहाणे ने अपने इंटरनेशनल करियर में 85 टेस्ट, 90 वनडे और 20 टी20 मैच खेले, जिसमें क्रमश 5077, 2962 और 375 रन बनाए. टेस्ट में उन्होंने 12 और वनडे में 3 शतक लगाए.
IPL को भी कहा अलविदा
रहाणे ने अपने वीडियो में यह भी स्पष्ट किया कि वह अब इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में भी हिस्सा नहीं लेंगे।
पिछले दो सीजन में वह कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की कप्तानी कर चुके थे और लीग में अपने अनुभव से टीम को मजबूती दी थी।
भारतीय क्रिकेट में रहेगा खास योगदान
अजिंक्य रहाणे उन खिलाड़ियों में रहे जिन्होंने विदेशी परिस्थितियों में भारत की कई यादगार जीत में अहम भूमिका निभाई। मेलबर्न, लॉर्ड्स, जोहानिसबर्ग और ऑस्ट्रेलिया जैसे कठिन दौरों पर उनकी पारियां आज भी क्रिकेट प्रेमियों को याद हैं। उनकी शांत नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और टीम भावना उन्हें भारतीय क्रिकेट के सबसे सम्मानित खिलाड़ियों में शामिल करती है।
