5 रुपये के बिस्कुट से बनाएं बेकरी जैसा सॉफ्ट केक, बिना ओवन आसान रेसिपी

केक बच्चों से लेकर बड़ों तक लगभग हर किसी का फेवरेट होता है. पहले लोग केक सिर्फ बर्थडे या किसी खास मौके पर ही खरीदते या घर में बनाते थे, लेकिन अब नई-नई रेसिपीज की मदद से इसे घर पर बनाना काफी आसान हो गया है. कई लोगों को लगता है कि केक बनाने के लिए ओवन, अंडे और कई महंगी चीजों की जरूरत होती है, लेकिन ऐसा नहीं है. अगर आपको मीठा खाने का मन है और घर में ओवन या ज्यादा चीजें नहीं है, तब भी आप टेस्टी और सॉफ्ट प्रीमियम केक बना सकते हैं.
इसके लिए आपको महंगी चीजों की जरूरत नहीं है, आप सिर्फ पारले-जी बिस्कुट से भी बेकरी जैसा केक तैयार कर सकते हैं. इसमें मैदा, अंडा, बटर और कंडेंस्ड मिल्क की जरूरत नहीं पड़ती है. साथ ही इसे ओवन की जगह प्रेशर कुकर में भी आसानी से बनाया जा सकता है. तो आइए जानते हैं कि 5 रुपये की पारले-जी बिस्कुट से प्रीमियम केक कैसे बना सकते हैं.
पारले-जी केक बनाने के लिए जरूरी सामग्री
- 2 पैकेट पारले-जी बिस्कुट
- 2 बड़े चम्मच चीनी (वैकल्पिक)
- 1 कप दूध
- 1 छोटा चम्मच बेकिंग पाउडर
- 1 छोटा चम्मच वनीला एसेंस
- 2 बड़े चम्मच कटे हुए बादाम या अखरोट (वैकल्पिक)
- थोड़ा तेल या बटर (ग्रीसिंग के लिए)
सबसे पहले कुकर को करें तैयार
इस रेसिपी में ओवन की जरूरत नहीं पड़ती।
- एक प्रेशर कुकर लें।
- उसके अंदर वायर रैक या स्टैंड रखें।
- कुकर में पानी बिल्कुल न डालें।
- सीटी हटाकर मीडियम आंच पर 10 मिनट तक प्रीहीट करें।
इससे कुकर ओवन की तरह काम करने लगेगा।
बैटर तैयार करने की आसान विधि
सबसे पहले पारले-जी बिस्कुट को छोटे टुकड़ों में तोड़ लें।
- बिस्कुट और चीनी को मिक्सर में डालकर बारीक पीस लें।
- तैयार पाउडर में बेकिंग पाउडर मिलाएं।
- धीरे-धीरे दूध डालते हुए स्मूद बैटर तैयार करें।
- इसमें वनीला एसेंस मिलाएं।
ध्यान रखें कि बैटर न ज्यादा गाढ़ा हो और न ही बहुत पतला। अगर चाहें तो इसमें कटे हुए बादाम या अखरोट भी मिला सकते हैं।
केक को ऐसे करें सेट
- एक स्टील या एल्युमिनियम बाउल लें।
- उसे तेल या बटर से अच्छी तरह ग्रीस करें।
- चाहें तो बटर पेपर भी लगा सकते हैं।
- तैयार बैटर को बाउल में डाल दें।
इसके बाद बाउल को सावधानी से प्रीहीट किए गए कुकर के अंदर रखे वायर रैक पर रख दें।
बिना ओवन ऐसे बेक करें केक
- कुकर का ढक्कन बंद करें।
- सीटी बिल्कुल न लगाएं।
- मीडियम से लो फ्लेम पर 45 से 50 मिनट तक पकाएं।
समय पूरा होने पर टूथपिक या सींक डालकर जांच करें। अगर टूथपिक साफ बाहर निकल आए, तो समझिए केक पूरी तरह तैयार है। इसे पूरी तरह ठंडा होने दें, फिर टिन से निकालकर काटें और सर्व करें.
