घर पर बनाएं हलवाई जैसे खस्ता समोसे, जानिए आटा गूंथने और तलने का सीक्रेट

बारिश का मौसम हो और साथ में गरमा-गरम चाय के साथ खस्ता समोसे मिल जाएं, तो स्वाद का मजा दोगुना हो जाता है। भारत में समोसा सिर्फ एक स्नैक नहीं, बल्कि लोगों की पसंदीदा स्ट्रीट फूड डिश में से एक है। हालांकि, कई लोग घर पर समोसे बनाने की कोशिश करते हैं, लेकिन उनमें वह खस्ता और कुरकुरी परत नहीं आ पाती जो हलवाई के समोसों में देखने को मिलती है। दरअसल, खस्ता समोसे बनाने का राज सिर्फ स्टफिंग में नहीं, बल्कि आटा गूंथने, मोयन लगाने और तलने के सही तरीके में छिपा होता है। अगर आप भी घर पर हलवाई जैसे समोसे बनाना चाहते हैं, तो इन आसान टिप्स को जरूर अपनाएं।
खस्ता समोसे के लिए आटे में मिलाएं सूजी
अधिकतर लोग समोसे का आटा सिर्फ मैदे से गूंथते हैं, लेकिन हलवाई जैसी कुरकुरी परत के लिए सूजी का इस्तेमाल बेहद जरूरी माना जाता है। अगर आप एक कप मैदा ले रहे हैं, तो उसमें लगभग 2 चम्मच बारीक सूजी मिला दें। सूजी समोसे की बाहरी परत को अतिरिक्त खस्तापन देती है और तलने के बाद समोसा ज्यादा समय तक कुरकुरा बना रहता है।
अजवाइन से बढ़ेगा स्वाद और खुशबू
समोसे की स्टफिंग के साथ-साथ इसकी बाहरी परत का भी स्वादिष्ट होना बेहद जरूरी है. इसके लिए आटा गूंथते समय हाथों से रगड़कर (क्रश करके) थोड़ी सी अजवाइन डालें. इससे समोसे में बेहतरीन खुशबू और लाजवाब फ्लेवर आता है. इसके अलावा आटे में सही मात्रा में नमक जरूर मिलाएं, इससे समोसे की बाहरी परत खाने में बिल्कुल भी फीकी नहीं लगेगी.
मोयन लगाने में न करें गलती
आटा गूंथते समय मोयन लगाना सबसे जरूरी होता है. वैसे तो मोयन तेल या घी का लगाएं यह आप पर निर्भर करता है, लेकिन स्वाद के लिहाज से देखा जाए तो घी का उपयोग बेहतर होता है, खास बात यह कि इससे हलवाई जैसा समोसे खस्ते बनते हैं और उनकी खुशबू भी बेहद अच्छी आती है.
कड़ा आटा गूंथना है जरूरी
कई लोग समोसे का आटा रोटी के आटे की तरह नरम गूंथ लेते हैं, जिससे समोसे की परत खस्ता नहीं बनती।
सही तरीका:
- मोयन मिलाने के बाद थोड़ा-थोड़ा पानी डालें।
- सख्त आटा तैयार करें।
- आटा गूंथने के बाद उसे 15 से 20 मिनट के लिए ढककर रख दें।
इससे सूजी और मोयन अच्छी तरह सेट हो जाते हैं और समोसे की परत ज्यादा कुरकुरी बनती है।
स्वादिष्ट स्टफिंग भी है जरूरी
खस्ता समोसे का असली मजा उसकी मसालेदार स्टफिंग में होता है।
आलू की स्टफिंग में आप:
- हरी मटर
- भुना जीरा
- धनिया पाउडर
- लाल मिर्च
- अमचूर पाउडर
- हरी मिर्च मिलाकर स्वाद को और बेहतर बना सकते हैं।
समोसे तलते समय रखें इन बातों का ध्यान
खस्ता समोसे बनाने में तलने की प्रक्रिया भी बेहद महत्वपूर्ण होती है।
- समोसे हमेशा हल्के गर्म तेल में डालें।
- शुरुआत में आंच धीमी रखें।
- समोसे को धीमी से मध्यम आंच पर धीरे-धीरे तलें।
- तेज आंच पर तलने से बाहरी हिस्सा जल्दी लाल हो जाता है, जबकि अंदर की परत खस्ता नहीं बन पाती।
अब आप इससे समोसे बनाकर तैयार कर सकते हैं वह भी हलवाई जैसे खस्ता समोसे.
