घर पर बनाएं रेस्तरां जैसी स्वादिष्ट दाल

भारतीय खाने की थाली दाल के बिना अधूरी मानी जाती है। चाहे दोपहर का भोजन हो या रात का डिनर, एक कटोरी स्वादिष्ट दाल पूरे खाने का स्वाद बढ़ा देती है। लेकिन अक्सर घर में बनी दाल में वह गाढ़ापन, खुशबू और स्वाद नहीं आ पाता, जो किसी अच्छे रेस्तरां या ढाबे की दाल में मिलता है। अगर आप भी यही सोचते हैं कि घर पर रेस्तरां जैसी दाल कैसे बनाएं, तो यह आसान रेसिपी और कुछ खास किचन टिप्स आपकी मदद करेंगे।
सही दाल का चुनाव
रेस्तरां जैसी दाल बनाने की शुरुआत सही दाल चुनने से होती है. आमतौर पर इसके लिए अरहर (तुअर) की दाल सबसे ज्यादा इस्तेमाल की जाती है. हालांकि कई लोग इसमें मूंग या मसूर की दाल भी मिलाते हैं, जिससे स्वाद और टेक्सचर दोनों बेहतर हो जाते हैं. दाल को अच्छी तरह धोकर कुछ देर भिगो दें। इससे दाल जल्दी पकती है और उसका स्वाद भी निखरकर आता है.
स्टेप 1: दाल को अच्छी तरह तैयार करें
सबसे पहले दाल को 2–3 बार साफ पानी से धो लें और लगभग 20 से 30 मिनट तक भिगो दें। इससे दाल जल्दी पकती है और उसका स्वाद भी बेहतर हो जाता है। दाल पकाते समय केवल हल्दी और नमक डालने की बजाय इसमें बारीक कटे प्याज, टमाटर, अदरक, हरी मिर्च और एक चुटकी हींग भी डालें. जब ये सभी चीजें दाल के साथ एकसाथ पकती हैं तो उनका स्वाद दाल में अच्छी तरह घुल जाता है. प्रेशर कुकर में दाल पूरी तरह गलने के बाद उसे हल्का-सा मैश करें और जरूरत के हिसाब से पानी मिलाकर कुछ मिनट तक धीमी आंच पर उबलने दें. इससे दाल का टेक्सचर बिल्कुल रेस्तरां जैसा स्मूद बनता है.
स्टेप 2: दाल को दें स्मूद टेक्सचर
कुकर का प्रेशर निकलने के बाद दाल को हल्के हाथों से मैश करें। यदि दाल ज्यादा गाढ़ी लगे तो थोड़ा गर्म पानी मिलाकर 5–7 मिनट तक धीमी आंच पर उबालें। यही तरीका दाल को रेस्तरां जैसा मुलायम और क्रीमी टेक्सचर देता है।
स्टेप 3: तड़का लगाते समय रखें ध्यान?
अब बारी आती है उस चीज की, जो साधारण दाल को खास बना देती है. इसका नाम है तड़का. यही तड़का दाल के स्वाद और खुशबू को कई गुना बढ़ा देता है. एक छोटी कड़ाही में देसी घी या तेल गर्म करें. इसमें सबसे पहले जीरा डालें. जब जीरा चटकने लगे तो बारीक कटा लहसुन, सूखी लाल मिर्च और एक चुटकी हींग डालें. लहसुन को हल्का सुनहरा होने तक भूनें. इसके बाद इसमें कसूरी मेथी और कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर डालकर गैस बंद कर दें. इस गर्मागर्म तड़के को सीधे उबलती हुई दाल पर डाल दें. जैसे ही तड़का दाल में मिलेगा, उसकी खुशबू पूरे घर में फैल जाएगी.
ढाबे जैसा स्मोकी फ्लेवर पाने का सीक्रेट
अगर आप बिल्कुल ढाबे जैसी दाल बनाना चाहते हैं, तो धुंगर विधि अपनाएं।
- एक छोटा कोयला लाल होने तक गर्म करें।
- उसे स्टील की छोटी कटोरी में रखें।
- कटोरी को दाल के बर्तन के बीच में रखें।
- कोयले पर आधा चम्मच घी डालें।
- तुरंत ढक्कन बंद कर दें।
लगभग 2 मिनट बाद कटोरी निकाल दें।
इससे दाल में हल्का स्मोकी फ्लेवर आ जाएगा, जो रेस्तरां और ढाबों की खास पहचान होता है।
स्वाद बढ़ाने के लिए अपनाएं ये टिप्स
- दाल को हमेशा मध्यम गाढ़ी रखें।
- आखिर में थोड़ा गरम मसाला डालें।
- ऊपर से ताजा हरा धनिया डालना न भूलें।
- ज्यादा रिच स्वाद के लिए 1 चम्मच फ्रेश क्रीम या थोड़ा मक्खन मिला सकते हैं।
- देसी घी का इस्तेमाल स्वाद और खुशबू दोनों बढ़ा देता है।
दाल के साथ क्या परोसें?
- सादा चावल
- जीरा राइस
- तंदूरी रोटी
- बटर नान
- फुल्का
- मिस्सी रोटी
- पराठा
साथ में प्याज, नींबू, हरी मिर्च और पापड़ परोसने से स्वाद और बढ़ जाता है।
रेस्तरां जैसी दाल बनाने में होने वाली आम गलतियां
- दाल को बिना भिगोए पकाना।
- तड़के में लहसुन को ज्यादा जला देना।
- दाल को बहुत ज्यादा गाढ़ा या बहुत पतला रखना।
- कसूरी मेथी और घी का इस्तेमाल न करना।
- तड़का डालने के बाद दाल को तुरंत परोस देना।
