⛽ अमेरिका में डीजल की कीमत ने तोड़े सारे रिकॉर्ड! 😳 अब 5.85 डॉलर प्रति गैलन पहुंचा भाव। महंगा डीजल सिर्फ ट्रांसपोर्ट ही नहीं, बल्कि फल-सब्जियों से लेकर कपड़े और फर्नीचर तक की कीमत बढ़ा सकता है। आखिर क्यों बढ़े डीजल के दाम? जानिए पूरी कहानी।

अमेरिका में डीजल की कीमतों में जबरदस्त उछाल आया है. कीमत 5.85 डॉलर प्रति गैलन तक पहुंच गई है. ईंधन महंगा होने का असर अब सिर्फ ट्रांसपोर्ट पर नहीं, बल्कि खाने-पीने से लेकर कपड़े और फर्नीचर तक की कीमतों पर पड़ सकता है……
महंगाई का असर इस समय दुनिया के कई देशों में देखने को मिल रहा है. भारत के साथ-साथ अमेरिका में भी ईंधन की बढ़ती कीमतों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. अमेरिका में डीजल की औसत कीमत 5.85 डॉलर प्रति गैलन तक पहुंच गई है. यह बढ़ोतरी इसलिए भी अहम है क्योंकि डीजल का इस्तेमाल सिर्फ गाड़ियों में नहीं, बल्कि सामान की ढुलाई, खेती और कई दूसरे क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर होता है. डीजल महंगा होने का सीधा असर ट्रांसपोर्ट लागत पर पड़ता है और जब सामान को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने का खर्च बढ़ता है, तो कंपनियां इसका बोझ ग्राहकों पर डाल सकती हैं. यही वजह है कि आने वाले समय में रोजमर्रा की कई चीजों की कीमतों में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है……
युद्ध से पहले कितना था डीजल का दाम……?
एसोसिएटेड प्रेस (AP) की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका में ईरान और अमेरिका के बीच युद्ध शुरू होने से पहले फरवरी के आखिर में डीजल की औसत कीमत करीब 3.76 डॉलर प्रति गैलन थी. अब यह बढ़कर 5.85 डॉलर प्रति गैलन हो गई है. यानी कुछ ही समय में डीजल की कीमत में काफी बड़ा उछाल आया है. इसी दौरान अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमत भी 95 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गई. युद्ध से पहले ब्रेंट क्रूड करीब 70 डॉलर प्रति बैरल के आसपास था……
डीजल महंगा हुआ तो ये चीजें भी हो सकती हैं महंगी :-
डीजल की कीमत बढ़ने का असर केवल पेट्रोल पंप तक सीमित नहीं रहता. अमेरिका में बड़ी मात्रा में सामान ट्रकों, ट्रेनों और जहाजों के जरिए एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाया जाता है. इन परिवहन साधनों में ईंधन की लागत बढ़ने से कंपनियों का खर्च भी बढ़ता है….
1. फल और सब्जियां
ताजा फल और सब्जियों जैसी जल्दी खराब होने वाली चीजों को तेजी से बाजार तक पहुंचाना जरूरी होता है. परिवहन लागत बढ़ने पर इनकी कीमतों पर दबाव आ सकता है.
2. मांस और समुद्री भोजन
मांस और सीफूड की सप्लाई चेन भी परिवहन पर निर्भर करती है. ऐसे में डीजल महंगा होने का असर इन उत्पादों की कीमतों पर भी पड़ सकता है.
3. डिलीवरी और ऑनलाइन सामान
ऑनलाइन ऑर्डर से लेकर घर तक सामान पहुंचाने वाली कंपनियों के लिए ईंधन एक महत्वपूर्ण खर्च है. डीजल महंगा होने पर डिलीवरी लागत बढ़ सकती है.
4. कपड़े और फर्नीचर
कपड़े, फर्नीचर और कॉस्मेटिक जैसे उत्पादों को बनाने के बाद अलग-अलग जगहों तक पहुंचाया जाता है. ट्रांसपोर्ट खर्च बढ़ने पर इनकी कीमतों में भी बढ़ोतरी का दबाव बन सकता है.
आखिर क्यों बढ़ रहे हैं डीजल के दाम ……?
डीजल की कीमतों में इस तेज बढ़ोतरी की बड़ी वजह अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच चल रहा युद्ध बताई जा रही है. संघर्ष के कारण वैश्विक ईंधन सप्लाई पर दबाव बढ़ा है और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई है. कच्चा तेल महंगा होने का असर पेट्रोल और डीजल जैसे रिफाइंड ईंधनों की कीमतों पर भी पड़ता है. इसके अलावा जब बाजार में सप्लाई को लेकर चिंता बढ़ती है तो कीमतों में और तेजी देखने को मिल सकती है…..
डीजल क्यों है इतना महत्वपूर्ण…….?
डीजल को केवल कार या ट्रक का ईंधन समझना सही नहीं होगा. इसका इस्तेमाल ट्रकों, ट्रेनों, जहाजों और खेती की मशीनों में भी बड़े पैमाने पर होता है. यही वजह है कि डीजल महंगा होने पर पूरी सप्लाई चेन प्रभावित हो सकती है. किसान से लेकर ट्रांसपोर्ट कंपनी और रिटेलर तक की लागत बढ़ सकती है और अंत में इसका असर सामान खरीदने वाले ग्राहक की जेब पर पड़ सकता है.
अमेरिका में महंगा डीजल, दुनिया के लिए भी चिंता…….
अमेरिका दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है. ऐसे में वहां ईंधन की कीमतों में बड़ा बदलाव वैश्विक बाजार पर भी असर डाल सकता है. अगर कच्चे तेल की कीमतें लंबे समय तक ऊंची रहती हैं, तो कई देशों में महंगाई का दबाव बढ़ सकता है. यानी अमेरिका में रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा डीजल सिर्फ वहां के वाहन चालकों के लिए चिंता की बात नहीं है. इसका असर ट्रांसपोर्ट से लेकर रोजमर्रा के सामान की कीमतों तक दिखाई दे सकता है…….
