महाराष्ट्र के रायगढ़ में बाढ़ के तेज बहाव में हजारों LPG सिलेंडर बह गए। हैरानी की बात यह रही कि कई लोग अपनी जान जोखिम में डालकर नदी में उतर गए और बहते सिलेंडरों को निकालते नजर आए। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

देश के कई राज्यों में मानसून के दौरान भारी बारिश और बाढ़ ने जनजीवन को प्रभावित किया है। कहीं सड़कें जलमग्न हैं तो कहीं नदियां उफान पर हैं। इसी बीच महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले से सामने आया एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने लोगों को हैरान कर दिया है।
वायरल वीडियो में बाढ़ के तेज बहाव के बीच बड़ी संख्या में एलपीजी (LPG) गैस सिलेंडर नदी में तैरते हुए दिखाई दे रहे हैं। इससे भी ज्यादा चौंकाने वाली बात यह है कि कई लोग अपनी जान जोखिम में डालकर इन सिलेंडरों को पकड़ने और बाहर निकालने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं।
क्या है पूरा मामला?
वायरल दावों के अनुसार, महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण एचपीसीएल (HPCL) के पातालगंगा एलपीजी बॉटलिंग प्लांट में बाढ़ का पानी घुस गया। बताया जा रहा है कि पानी के तेज बहाव में करीब 3000 एलपीजी सिलेंडर बहकर पातालगंगा नदी में पहुंच गए। इनमें भरे हुए और खाली दोनों प्रकार के सिलेंडर शामिल बताए जा रहे हैं। घटना का वीडियो सामने आने के बाद यह तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और देखते ही देखते लाखों लोगों तक पहुंच गया।
वीडियो में क्या दिख रहा है?
वायरल वीडियो में नदी का तेज बहाव साफ दिखाई देता है। पानी के साथ बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर बहते नजर आते हैं। पुल पर खड़े लोग इस दृश्य को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर रहे हैं। वहीं कुछ लोग नदी किनारे उतरकर बहते हुए सिलेंडरों को पकड़ने की कोशिश करते दिखाई देते हैं। वीडियो में कई लोग सिलेंडर निकालकर उन्हें सिर पर रखकर ले जाते हुए भी नजर आते हैं। नदी किनारे एक जगह बड़ी संख्या में सिलेंडर जमा किए गए दिखाई देते हैं।
यही दृश्य सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा चर्चा का विषय बना हुआ है।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। कुछ लोगों ने इसे बेहद खतरनाक बताया, जबकि कुछ ने मजाकिया अंदाज में टिप्पणियां कीं। एक यूजर ने लिखा कि भारत में लोगों को मौका मिलते ही मुफ्त की चीजें लेने की आदत है, लेकिन गैस सिलेंडर अपने साथ ले जाना गलत हो सकता है और इस पर कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है। वहीं दूसरे यूजर ने मजाक करते हुए लिखा कि जब सिलेंडर खुद बहकर आ रहे हैं तो इसे चोरी कैसे कहा जा सकता है।
कुछ लोगों ने बढ़ती महंगाई और गैस सिलेंडर की कीमतों का जिक्र करते हुए कहा कि लोग मुफ्त में सिलेंडर मिलने की उम्मीद में अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं।
