जब अमिताभ बच्चन से कहा गया- 'तुम बहुत लंबे हो, घर जाओ' 😮

बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। दशकों से अपनी शानदार अदाकारी से दर्शकों के दिलों पर राज कर रहे बिग बी ने हाल ही में अपने करियर के शुरुआती दिनों को याद किया। उन्होंने बताया कि जब वह इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाने के लिए संघर्ष कर रहे थे, तब उन्हें भी कई बार रिजेक्शन और आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था। अमिताभ बच्चन इन दिनों क्विज रियलिटी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ सीजन 18 को होस्ट कर रहे हैं। शो के एक खास एपिसोड में उन्होंने अपने स्ट्रगल के दिनों से जुड़े कई किस्से शेयर किए।
“तुम्हें एक्टिंग आती ही नहीं”…..
शो में कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की गोल्ड मेडलिस्ट लवलीना बोरगोहेन, जसवंत कुमार, शर्मिला धनकर और अस्मिता डे के साथ बातचीत के दौरान अमिताभ बच्चन ने बताया कि शुरुआती दौर में उन्हें किस तरह की बातें सुननी पड़ती थीं। अस्मिता डे ने उनसे सवाल किया कि जिस तरह एथलीट्स को ट्रेनिंग के दौरान गलती करने पर कोच डांटते हैं, क्या एक्टर्स को भी फिल्म के सेट पर डायरेक्टर से डांट खानी पड़ती है? इस पर अमिताभ बच्चन ने अपने अनुभव को याद करते हुए बताया कि करियर की शुरुआत में उन्हें भी काफी डांट सुननी पड़ी थी। उन्होंने बताया कि कुछ लोग उनसे कहते थे कि उन्हें एक्टिंग आती ही नहीं है और वह अभिनेता बनने के लिए बहुत लंबे हैं।

“काम मिलने के बाद भी नहीं थमा संघर्ष……”
अमिताभ बच्चन ने बताया कि फिल्म इंडस्ट्री में काम मिल जाने के बाद भी मुश्किलें खत्म नहीं हुई थीं। उन्होंने अपने एक पुराने किस्से को याद करते हुए बताया कि एक बार वह सेट पर पहुंचने में देर से पहुंचे थे। उस दौर को याद करते हुए उन्होंने बताया कि उनके पास अपनी गाड़ी नहीं हुआ करती थी और वह किसी और की गाड़ी से सेट पर पहुंचे थे। जब वह सेट पर पहुंचे तो डायरेक्टर बाहर ही खड़े थे। उनकी देरी से डायरेक्टर नाराज हो गए और उन्हें फिल्म से ही निकाल दिया गया।
“आज बॉलीवुड के महानायक हैं अमिताभ बच्चन”…..
जिस अभिनेता को कभी उनकी लंबाई और अभिनय को लेकर आलोचनाएं सुननी पड़ी थीं, वही अमिताभ बच्चन आज भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े सितारों में गिने जाते हैं। उन्होंने अपने लंबे करियर में कई यादगार किरदार निभाए हैं और अलग-अलग दौर में अपनी एक्टिंग से दर्शकों का मनोरंजन किया है। उनकी कहानी इस बात की मिसाल है कि शुरुआती असफलताएं और रिजेक्शन किसी व्यक्ति के भविष्य का फैसला नहीं करते। लगातार मेहनत और अपने काम के प्रति समर्पण से मुश्किलों को पीछे छोड़ा जा सकता है।
“83” की उम्र में भी एक्टिंग में एक्टिव हैं बिग बी…..
अमिताभ बच्चन 83 साल की उम्र में भी फिल्मों और टेलीविजन की दुनिया में सक्रिय हैं। वह आखिरी बार नाग अश्विन की फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ में नजर आए थे। इस फिल्म में उनके साथ प्रभास, दीपिका पादुकोण और कमल हासन जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में थे। अब दर्शकों को फिल्म के सीक्वल का इंतजार है, जिसमें अमिताभ बच्चन एक बार फिर अपने दमदार किरदार में नजर आ सकते हैं।
