ग्वालियर में 60 साल की बुजुर्ग महिला से सरेराह मंगलसूत्र लूट!

ग्वालियर का दीनदयाल नगर इलाका… शनिवार की वो ढलती हुई शाम। अमूमन हर रोज की तरह सड़कें सामान्य थीं, लोग अपने घरों को लौट रहे थे। 60 साल की बुजुर्ग महिला बैजंती बाई कौशल भी अपने मासूम नाती का हाथ थामे, अटल पार्क से टहलकर वापस अपने घर डीडी नगर की तरफ बढ़ रही थीं। वो नहीं जानती थीं कि चंद कदमों की दूरी पर, गलियों के किसी अंधेरे कोने में कुछ शातिर आंखें उनका पीछा कर रही हैं। दो ऐसे बदमाश, जिनके हौसले बुलंद थे और जिनके मन में कानून का रत्ती भर भी खौफ नहीं था!
बैजंती जी जैसे ही स्विमिंग पूल वाली गली के मोड़ पर पहुंचीं, पीछे से एक बाइक सरसराहट के साथ आकर रुकी। बाइक चालक ने बड़ी चालाकी से गाड़ी को बुजुर्ग महिला के बिल्कुल करीब सटाया। इससे पहले कि बैजंती जी कुछ समझ पातीं, बाइक की पिछली सीट पर बैठे झपटमार ने चीते जैसी फुर्ती दिखाई। एक झटके में महिला के गले पर हाथ पड़ा और भारी-भरकम सोने का मंगलसूत्र टूटकर सीधे बदमाश की मुट्ठी में चला गया!
चोर-चोर… बचाओ-बचाओ! बैजंती जी की चीख से पूरी गली गूंज उठी। उन्होंने हिम्मत दिखाई, शोर मचाया ताकि लोग मदद के लिए दौड़ें। लेकिन वो शातिर लुटेरे पलक झपकते ही बाइक की रफ्तार तेज कर तंग गलियों के भूलभुलैया में गायब हो गए। जब तक आस-पास के लोग दौड़कर बाहर आते, तब तक वो परिंदों की तरह फुर्र हो चुके थे। करीब 2.15 लाख रुपए की कीमत का वो कीमती मंगलसूत्र, जिसमें सोने का पेंडल और बड़े-बड़े 10 मोती पिरोए हुए थे, लुटेरों के हाथ लग चुका था।
वारदात की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब आस-पास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला, तो उसमें बाइक पर भागते हुए दोनों बदमाशों का सुराग हाथ लगा। वारदात को अंजाम देने वाले इन बदमाशों का तरीका बेहद शातिर था। बाइक चलाने वाले ने सिर पर हेलमेट लगा रखा था, ताकि उसकी पहचान छिपी रहे, जबकि पीछे बैठे झपटमार ने अपने चेहरे पर साफी बांध रखी थी।
सीएसपी नागेन्द्र सिंह सिकरवार के मुताबिक, ये बदमाश कॉलोनी की अंदरूनी गलियों के रास्तों का इस्तेमाल कर सीधे हाईवे की तरफ भागे हैं। पुलिस अब डीडीनगर और आस-पास के सभी सीसीटीवी कैमरों की मदद से लुटेरों का रूट ट्रैक तैयार कर रही है। गलियों से भागकर पुलिस को खुली चुनौती देने वाले इन बदमाशों के बेहद करीब पुलिस पहुंच चुकी है।
लेकिन सवाल अब भी वही है… क्या ग्वालियर पुलिस इन बेखौफ लुटेरों को दबोच पाएगी? क्या बैजंती जी को उनका वो कीमती मंगलसूत्र वापस मिल सकेगा? इस पूरे मामले पर आपकी क्या राय है, हमें कमेंट सेक्शन में जरूर बताएं
