🎬 'हनुमान अंश' के नीम करौली बाबा बने शोभिनव सत्या की कहानी बेहद दिलचस्प है! वो इस रोल के लिए पहली पसंद नहीं थे, लेकिन एक्टर की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें मौका मिला। फिर मंदिर में हुए कुछ अनुभवों ने उनका आत्मविश्वास और बढ़ाया। 🙏

‘हनुमान अंश’ इन दिनों दर्शकों के बीच चर्चा में है। फिल्म में नीम करौली बाबा की आध्यात्मिक यात्रा को पर्दे पर दिखाया गया है और शोभिनव सत्या ने मुख्य भूमिका निभाई है। दिलचस्प बात यह है कि शोभिनव इस किरदार के लिए पहली पसंद नहीं थे। फिल्म की शूटिंग शुरू होने से पहले किसी दूसरे अभिनेता को इस भूमिका के लिए चुना गया था, लेकिन पहले ही दिन उनकी तबीयत खराब हो गई और शोभिनव को यह जिम्मेदारी मिली।
किरदार मिलने पर घबरा गए थे शोभिनव…..
नीम करौली बाबा जैसे आध्यात्मिक व्यक्तित्व का किरदार निभाना शोभिनव के लिए आसान नहीं था। उन्होंने बताया कि शुरुआत में वह इस भूमिका को लेकर काफी डरे हुए थे। उनके मन में लगातार यह सवाल चल रहा था कि क्या वह इस किरदार के साथ न्याय कर पाएंगे।शोभिनव खुद बाबा में आस्था रखते हैं। इसी वजह से उन्हें डर था कि अगर उनसे किरदार सही तरीके से नहीं निभा तो दर्शकों की भावनाएं आहत हो सकती हैं। हालांकि, फिल्म के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने उन्हें भरोसा दिया और कहा कि उन्हें सिर्फ अपने अभिनय पर ध्यान देना है।
मंदिर में बिताया वक्त और बढ़ा आत्मविश्वास…..
शोभिनव ने बताया कि शूटिंग शुरू होने के दौरान वह मंदिर भी गए थे। वहां भक्तों को बाबा का नाम लेते देखकर उनके मन में इस किरदार को लेकर और गंभीरता आई। एक दिन टीम के शूटिंग बेस पर चले जाने के बाद वह अकेले मंदिर में बैठे रहे। इसी दौरान जब उनसे खाने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने सहजता से लहसुन, नमक और रोटी की इच्छा जाहिर की। गांव से उनके लिए यही खाना लाया गया। शोभिनव के मुताबिक, शूटिंग के दौरान उनके साथ ऐसी कई घटनाएं हुईं, जिससे उन्हें लगा कि वह धीरे-धीरे बाबा के किरदार से जुड़ते जा रहे हैं। यहां तक कि जब लोग उनसे आशीर्वाद मांगते, तो वह उन्हें आशीर्वाद देने लगे। इन अनुभवों ने उनका आत्मविश्वास और बढ़ाया।
असिस्टेंट डायरेक्टर से बने लीड एक्टर…..
शोभिनव के लिए यह फिल्म इसलिए भी खास है क्योंकि यह उनकी पहली फिल्म है। इससे पहले लोग उन्हें असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर जानते थे। उन्हें इस बात की भी चिंता थी कि क्या दर्शक उन्हें मुख्य अभिनेता के रूप में स्वीकार करेंगे। उन्होंने बताया कि शुरुआत में उन्हें यह भी डर था कि लोग उनके नए अवतार को लेकर कैसी प्रतिक्रिया देंगे। लेकिन निर्देशक ने उनकी क्षमता पर भरोसा जताया और पूरी जिम्मेदारी अपने ऊपर ली।
बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का शानदार प्रदर्शन…..
‘हनुमान अंश’ 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने पहले दिन करीब 10 लाख रुपये का कलेक्शन किया था। इसके बाद फिल्म की कमाई में तेजी आई और अब इसका ग्रॉस कलेक्शन 169.20 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जबकि नेट कलेक्शन 143.13 करोड़ रुपये बताया गया है। खास बात यह है कि फिल्म करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में बनाई गई थी। ऐसे में फिल्म का मौजूदा बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन इसे एक बड़ी सफलता के तौर पर देखा जा रहा है। शोभिनव सत्या के लिए भी यह फिल्म किसी बड़े मौके से कम नहीं रही। जिस भूमिका के लिए वह पहली पसंद नहीं थे, उसी किरदार ने उन्हें दर्शकों के बीच पहचान दिला दी।
