पाकिस्तानी कॉस्मेटिक्स पर अलर्ट! 🚨 दो क्रीमों में मिले खतरनाक तत्व।

भारत में बैन के बावजूद कुछ पाकिस्तानी कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स के बाजार में बिकने की खबर सामने आई है. इसे लेकर सेंट्रल ड्रग्स स्टैंडर्ड कंट्रोल ऑर्गनाइजेशन (CDSCO) के कॉस्मेटिक्स डिवीजन की ओर से पब्लिक हेल्थ अलर्ट जारी किया गया है. अलर्ट में दो कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स का जिक्र किया गया है, जिनके पास जरूरी इंपोर्ट रजिस्ट्रेशन नहीं होने की बात कही गई है. लोगों को इन प्रोडक्ट्स को खरीदने और इस्तेमाल करने से बचने की सलाह दी गई है.
किन कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स को लेकर चेतावनी…..?
रिपोर्ट के मुताबिक, Goree Beauty Cream और Chandni Whitening Cream को लेकर चेतावनी जारी की गई है. लोगों से इन दोनों क्रीमों का इस्तेमाल नहीं करने को कहा गया है. इन प्रोडक्ट्स को लेकर चिंता इसलिए बढ़ी है क्योंकि लैब टेस्टिंग में इनमें पारा (Mercury) और लेड (सीसा) जैसे भारी विषैले तत्व पाए जाने की बात सामने आई है.
क्रीम में मिले खतरनाक तत्व…..
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, दोनों क्रीमों में पाए गए पारा और लेड की मात्रा निर्धारित कानूनी सीमा से कई गुना ज्यादा बताई गई है. कुछ मामलों में यह मात्रा 52 गुना तक अधिक होने का दावा किया गया है. ऐसे तत्वों के लंबे समय तक संपर्क में रहने से त्वचा और स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ने का खतरा बताया गया है. रिपोर्ट में त्वचा को नुकसान पहुंचने के साथ किडनी और नसों से जुड़ी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं की आशंका का भी उल्लेख किया गया है. इसी वजह से उपभोक्ताओं को ऐसे प्रोडक्ट्स खरीदने से पहले उनकी पैकेजिंग, निर्माता, आयात संबंधी जानकारी और वैधता की जांच करने की सलाह दी जा रही है.
‘Made in India’ के नाम पर बेचने का आरोप…..
इस मामले में सबसे अहम चिंता प्रोडक्ट्स की लेबलिंग को लेकर सामने आई है. रिपोर्ट के अनुसार, कुछ ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स पर इन प्रोडक्ट्स को ‘Made in India’ बताकर लिस्ट किए जाने की बात कही गई है. वहीं, डिलीवरी के बाद पैकेज के पिछले हिस्से पर ‘Made in Pakistan’ लिखा होने का दावा किया गया है. इससे ग्राहकों के बीच प्रोडक्ट की वास्तविक उत्पत्ति को लेकर भ्रम पैदा हो सकता है. रिपोर्ट में Amazon, Flipkart, Meesho और Tata 1mg जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स का भी उल्लेख किया गया है.
Amazon ने एक प्रोडक्ट हटाया…..
रिपोर्ट के मुताबिक, Amazon के एक प्रवक्ता ने कहा कि प्लेटफॉर्म पर प्रोडक्ट लिस्ट करने वाले सेलर्स से भारतीय कानूनों और Amazon की नीतियों का पालन करने की अपेक्षा की जाती है. मामले की जांच किए जाने की बात भी सामने आई है. फिलहाल रिपोर्ट के अनुसार, Goree Beauty Cream को Amazon के प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया है.
पाकिस्तान से व्यापार प्रतिबंध का भी जिक्र…..
रिपोर्ट में पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान के साथ व्यापार पर लगाए गए प्रतिबंध का भी उल्लेख किया गया है. इसके तहत पाकिस्तान से सीधे और अप्रत्यक्ष रूप से सामान के आयात, निर्यात और ट्रांजिट पर रोक की बात कही गई है. ऐसे में बिना वैध इंपोर्ट रजिस्ट्रेशन वाले कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स का भारतीय बाजार में पहुंचना गंभीर सवाल खड़े करता है.
ग्राहकों को क्या सावधानी बरतनी चाहिए…..?
कॉस्मेटिक प्रोडक्ट खरीदते समय सिर्फ कीमत या ब्रांड के नाम पर भरोसा करना ठीक नहीं है. ग्राहकों को पैकेजिंग पर निर्माता और उत्पाद की उत्पत्ति से जुड़ी जानकारी ध्यान से देखनी चाहिए. खास तौर पर ऑनलाइन खरीदारी करते समय प्रोडक्ट की लेबलिंग, विक्रेता की जानकारी और अन्य जरूरी विवरणों की जांच करना जरूरी है. किसी संदिग्ध कॉस्मेटिक प्रोडक्ट की जानकारी सामने आने पर उसका इस्तेमाल करने से बचना ही बेहतर है. इस मामले में जारी चेतावनी का उद्देश्य उपभोक्ताओं को ऐसे उत्पादों से सावधान करना है, जिनकी गुणवत्ता, सुरक्षा या आयात संबंधी वैधता पर सवाल उठ रहे हैं……
