🚨 'काजी कैंप पर मिसाइल गिरा दो'... बयान पर बवाल! भोपाल BJP विधायक रामेश्वर शर्मा के वायरल वीडियो पर कांग्रेस ने जताई नाराजगी। विधायक ने बाद में सफाई दी कि वह भोपाल नहीं, इस्लामाबाद के काजी कैंप की बात कर रहे थे।

भोपाल की हुजूर विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा का एक बयान सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मध्य प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। एक कार्यक्रम में जनता को संबोधित करते हुए विधायक ने ‘काजी कैंप’ पर मिसाइल गिराने की बात कही। भोपाल में इसी नाम का एक इलाका होने की वजह से उनके बयान पर विवाद खड़ा हो गया। बाद में रामेश्वर शर्मा ने सफाई देते हुए कहा कि उनका इशारा भोपाल के काजी कैंप की तरफ नहीं, बल्कि पाकिस्तान के इस्लामाबाद स्थित काजी कैंप की ओर था।
मंच से क्या बोले रामेश्वर शर्मा…..?
वायरल वीडियो में रामेश्वर शर्मा मंच से लोगों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सर्जिकल स्ट्राइक और भारत की मिसाइल क्षमता का जिक्र करते नजर आते हैं। इसी दौरान उन्होंने कहा कि करोंद चौराहे पर खड़े होकर मिसाइल काजी कैंप में गिरा दी जाए। वीडियो सामने आने के बाद उनके बयान को भोपाल के काजी कैंप इलाके से जोड़कर देखा जाने लगा। कार्यक्रम में मौजूद समर्थकों की प्रतिक्रिया और तालियों के बीच दिया गया यह बयान देखते ही देखते सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया।
विवाद बढ़ा तो विधायक ने दी सफाई…..
बयान पर विवाद बढ़ने के बाद रामेश्वर शर्मा ने स्पष्ट किया कि वह भोपाल के काजी कैंप की बात नहीं कर रहे थे। उनका कहना था कि संदर्भ इस्लामाबाद के काजी कैंप का था। विधायक की सफाई सामने आने के बावजूद विपक्षी दलों ने उनके बयान को लेकर सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस ने इसे आपत्तिजनक बताते हुए कार्रवाई की मांग की है।
कांग्रेस ने FIR की मांग की…..
बीजेपी विधायक के बयान को लेकर कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव बरोलिया ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। कांग्रेस ने बयान को लेकर FIR दर्ज करने की मांग की है। विपक्ष का आरोप है कि जनप्रतिनिधियों को सार्वजनिक मंचों से इस तरह की भाषा से बचना चाहिए। वहीं, बीजेपी विधायक की ओर से इसे पाकिस्तान के संदर्भ में दिया गया बयान बताया गया है।
जीतू पटवारी ने भी साधा निशाना…..
मामले को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी रामेश्वर शर्मा पर निशाना साधा। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत के उस कथित बयान का हवाला दिया, जिसमें मुस्लिमों को लेकर समावेशी विचार रखने की बात कही गई थी। पटवारी ने सवाल उठाया कि जब संघ नेतृत्व की ओर से समाज में भाईचारे और सभी समुदायों को साथ लेकर चलने की बात कही जाती है, तो बीजेपी के नेताओं की ओर से इस तरह के बयान क्यों सामने आते हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद बढ़ी राजनीतिक हलचल…..
रामेश्वर शर्मा के बयान का वीडियो वायरल होने के बाद मामला केवल सोशल मीडिया तक सीमित नहीं रहा, बल्कि प्रदेश की सियासत में भी चर्चा का विषय बन गया है। एक तरफ कांग्रेस कार्रवाई की मांग कर रही है, वहीं विधायक ने अपने बयान का संदर्भ स्पष्ट करते हुए कहा है कि वह इस्लामाबाद के काजी कैंप की बात कर रहे थे। अब इस मामले में पुलिस शिकायत पर क्या कार्रवाई होती है और राजनीतिक विवाद आगे किस दिशा में जाता है, इस पर सभी की नजरें हैं।
