विदेश पैसा भेजते हैं? इनकम टैक्स विभाग की नजर में आए ऐसे लेनदेन, जानें किन मामलों में हो सकती है जांच और कौन से दस्तावेज रखना जरूरी है।

विदेश में पैसा भेजने वाले लोगों और कंपनियों के लिए जरूरी खबर है. इनकम टैक्स विभाग ने ऐसे विदेशी भुगतान की जांच तेज की है, जहां भुगतान और घोषित आय या कारोबार के आंकड़ों में बड़ा अंतर नजर आ रहा है…..
अगर आप विदेश में पढ़ाई, इलाज, बिजनेस, निवेश या किसी अन्य वैध उद्देश्य से पैसा भेजते हैं, तो घबराने की जरूरत नहीं है. विदेश भेजे गए पैसों से जुड़े दस्तावेज और भुगतान का उद्देश्य स्पष्ट होना बेहद जरूरी है. इनकम टैक्स विभाग ऐसे मामलों की जांच कर रहा है, जहां विदेशी भुगतान और घोषित आय या बिजनेस के आंकड़ों के बीच बड़ा अंतर दिखाई देता है. विभाग की इस कार्रवाई का मकसद हर बड़े विदेशी भुगतान को गलत साबित करना नहीं है, बल्कि ऐसे लेनदेन की पड़ताल करना है जिनमें रकम का स्रोत, भुगतान का उद्देश्य या संबंधित दस्तावेज स्पष्ट नहीं हैं.
“394 संस्थाओं का शुरू हुआ वेरिफिकेशन”….
18 अगस्त को इनकम टैक्स विभाग ने करीब 394 संस्थाओं के खिलाफ फील्ड वेरिफिकेशन शुरू किया. इनमें सीमा से लगे राज्यों की 117 संस्थाएं भी शामिल हैं. इसके अलावा 36 ऐसे प्रोफेशनल्स की भी जांच की जा रही है, जिन्होंने विदेश भेजे गए पैसों से जुड़े रेमिटेंस सर्टिफिकेट जारी किए थे. विभाग यह भी देख रहा है कि बड़े विदेशी भुगतान के लिए जरूरी जांच और दस्तावेजी प्रक्रिया सही तरीके से पूरी की गई थी या नहीं.
कम कारोबार, लेकिन विदेश में बड़ी रकम भेजने पर सवाल…..
जांच के दौरान कुछ ऐसी संस्थाएं सामने आईं, जिनका घोषित कारोबार काफी कम था, लेकिन उनके विदेशी भुगतान की रकम काफी ज्यादा थी. कुछ संस्थाएं अपने बताए गए पते पर संचालित होती हुई भी नहीं मिलीं. ऐसे मामलों में विभाग यह समझने की कोशिश कर सकता है कि विदेश भेजी गई रकम कहां से आई और इसका वास्तविक उद्देश्य क्या था.
सिर्फ ज्यादा विदेशी भुगतान का मतलब गलत लेनदेन नहीं…..
अगर किसी व्यक्ति या कंपनी ने अपनी आय या टर्नओवर की तुलना में ज्यादा रकम विदेश भेजी है, तो इसका मतलब यह नहीं है कि लेनदेन अपने आप गलत हो गया. किसी कारोबारी को लोन, निवेश या वैध गिफ्ट के रूप में रकम मिली हो और उसी रकम से विदेश में भुगतान किया गया हो. ऐसी स्थिति में लेनदेन का पूरा रिकॉर्ड और रकम के स्रोत से जुड़े दस्तावेज होने चाहिए. यानी सबसे जरूरी बात यह है कि विदेश भेजी गई रकम का स्रोत और उद्देश्य दस्तावेजों से साबित किया जा सके.
विदेश पैसा भेजते समय कौन से दस्तावेज संभालकर रखें….?
अगर आप विदेश में पैसा भेजते हैं, तो लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों को सुरक्षित रखना बेहतर है. इनमें शामिल हो सकते हैं:-
- कॉन्ट्रैक्ट या एग्रीमेंट
- इनवॉइस और बिल
- बैंक स्टेटमेंट और भुगतान रिकॉर्ड
- भुगतान के उद्देश्य से जुड़े दस्तावेज
- लोन से संबंधित कागजात
- गिफ्ट की स्थिति में उससे जुड़े दस्तावेज
- निवेश से संबंधित रिकॉर्ड
- लागू टैक्स नियमों से जुड़े दस्तावेज
इन रिकॉर्ड के जरिए जरूरत पड़ने पर यह स्पष्ट किया जा सकता है कि पैसा कहां से आया और विदेश क्यों भेजा गया.
Form 15CB और CA की भूमिका भी महत्वपूर्ण…..
विदेशी भुगतान से जुड़े मामलों में चार्टर्ड अकाउंटेंट की भूमिका भी अहम हो सकती है. रिपोर्ट के अनुसार, कुछ प्रोफेशनल्स द्वारा बड़ी संख्या में Form 15CB सर्टिफिकेट जारी किए जाने की भी जांच की जा रही है. ऐसे मामलों में यह देखा जा सकता है कि सर्टिफिकेट जारी करने से पहले भुगतान का उद्देश्य, प्राप्तकर्ता और लागू टैक्स नियमों की उचित जांच की गई थी या नहीं. गलत या अधूरी जानकारी के आधार पर विदेश भुगतान करने पर भविष्य में टैक्स, ब्याज या जुर्माने से जुड़ी परेशानी हो सकती है.
किन लेनदेन पर पड़ सकती है नजर….?
कुछ परिस्थितियां टैक्स विभाग के लिए जांच का कारण बन सकती हैं, जैसे:
- घोषित आय के मुकाबले बहुत बड़ा विदेशी भुगतान
- अधूरे बिल या कॉन्ट्रैक्ट
- भुगतान के उद्देश्य की अस्पष्ट जानकारी
- गलत या संदिग्ध purpose code
- ऐसी संस्था से बड़े लेनदेन जो वास्तव में संचालित नहीं हो रही हो
- रकम के स्रोत को साबित करने में परेशानी
इनमें से कोई एक स्थिति अपने आप में लेनदेन को अवैध साबित नहीं करती. वास्तविक स्थिति दस्तावेजों और संबंधित तथ्यों के आधार पर तय होती है.
विदेश पैसा भेजने वालों को क्या करना चाहिए…..?
अगर आप वैध कारण से विदेश में पैसा भेज रहे हैं तो सबसे जरूरी है कि लेनदेन पारदर्शी रखें और रिकॉर्ड सुरक्षित रखें. बैंकिंग चैनल के जरिए भुगतान करें, सही उद्देश्य बताएं और लागू टैक्स नियमों का पालन करें. खासकर बड़ी रकम के मामले में भुगतान से पहले योग्य टैक्स प्रोफेशनल से सलाह लेना उपयोगी हो सकता है….
