दुलकर सलमान की ‘आई एम गेम’ का बॉक्स ऑफिस पर जलवा, सिर्फ 2 दिन में वर्ल्डवाइड 20 करोड़ के पार पहुंची कमाई।

दुलकर सलमान की नई फिल्म ‘आई एम गेम’ सिनेमाघरों में रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ मजबूत करती नजर आ रही है। 3 सितंबर 2026 को रिलीज हुई इस एक्शन थ्रिलर को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। खास बात यह है कि फिल्म को ज्यादा स्क्रीन्स और शोज नहीं मिलने के बावजूद इसकी कमाई ने शानदार रफ्तार पकड़ी है।
दो दिन में 20 करोड़ के पार पहुंची फिल्म…….
फिल्म के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, ‘आई एम गेम’ ने दो दिनों में दुनियाभर में करीब 20.20 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। इसमें भारत के साथ-साथ ओवरसीज मार्केट की कमाई भी शामिल है। फिल्म ने पहले दिन वर्ल्डवाइड करीब 10.85 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया था। दूसरे दिन भी कमाई की रफ्तार बनी रही और फिल्म ने करीब 9.35 करोड़ रुपये का कारोबार किया।
पहले दिन भारत में कमाए 5.40 करोड़……
‘आई एम गेम’ ने पहले दिन भारत में करीब 5.40 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। भारत में फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन लगभग 6.35 करोड़ रुपये रहा, जबकि ओवरसीज मार्केट से करीब 4.50 करोड़ रुपये आए। इस तरह रिलीज के पहले ही दिन फिल्म ने दुनियाभर में 10 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली थी।
दूसरे दिन भी बॉक्स ऑफिस पर बनी रही रफ्तार……
दूसरे दिन फिल्म ने भारत में करीब 4.60 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इसके साथ ही भारत में फिल्म की कुल नेट कमाई लगभग 10 करोड़ रुपये हो गई है। वहीं, ओवरसीज मार्केट में दूसरे दिन फिल्म ने करीब 4 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया। दो दिनों की कमाई को मिलाकर फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 20 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर गया।
दुलकर की चौथी सबसे बड़ी पोस्ट-कोविड ओपनिंग……
‘आई एम गेम’ ने दुलकर सलमान के लिए भी एक खास रिकॉर्ड बनाया है। फिल्म की पहले दिन की कमाई ने इसे एक्टर की पोस्ट-कोविड दौर की चौथी सबसे बड़ी ओपनिंग वाली फिल्म बना दिया है। दुलकर की पोस्ट-कोविड फिल्मों की ओपनिंग डे नेट कमाई की बात करें तो लिस्ट में ‘लकी भास्कर’ सबसे ऊपर है। इसके बाद ‘किंग ऑफ कोठा’, ‘कुरुप’ और अब ‘आई एम गेम’ का नंबर आता है।
दुलकर सलमान की पोस्ट-कोविड ओपनिंग डे कमाई :-
- लकी भास्कर: 7.35 करोड़ रुपये
- किंग ऑफ कोठा: 6.85 करोड़ रुपये
- कुरुप: 5.60 करोड़ रुपये
- आई एम गेम: 5.40 करोड़ रुपये
- कांथा: 4.10 करोड़ रुपये
कम स्क्रीन्स के बावजूद दिखाया दम……
‘आई एम गेम’ की रिलीज के समय इसे ज्यादा स्क्रीन्स नहीं मिल पाईं। इसके अलावा बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का सामना पहले से अच्छा प्रदर्शन कर रही ‘बेथलेहम कुडुंबा यूनिट’ से भी है। इसके बावजूद दुलकर सलमान की फिल्म ने शुरुआती दो दिनों में जिस तरह का प्रदर्शन किया है, वह मेकर्स के लिए राहत की खबर है। अब वीकेंड पर फिल्म की कमाई में और उछाल आने की उम्मीद की जा रही है।
फिल्म में नजर आ रहे हैं ये कलाकार……
‘आई एम गेम’ का निर्देशन नहास हिदायत ने किया है। फिल्म में दुलकर सलमान के साथ कयादु लोहार, संयुक्ता विश्वनाथन, एंटनी वर्गीस, काथिर और विनय फोर्ट अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। फिल्म का निर्माण दुलकर सलमान और जोम वर्गीस ने किया है। एक्शन और थ्रिल से भरपूर इस फिल्म की आगे की बॉक्स ऑफिस जर्नी पर अब सभी की नजरें टिकी हैं।
