
स्मार्टफोन ने लोगों की ज़िंदगी को आसान बनाया है, लेकिन साइबर ठगी का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। फिलहाल दुनिया भर में सबसे बड़ी चिंता बैंकिंग और पर्सनल डेटा की सुरक्षा को लेकर है। इसी बीच गूगल ने एक गंभीर अलर्ट जारी किया है कि एंड्रॉइड और आईफोन दोनों प्लेटफॉर्म पर साइबर अपराधी फर्जी मैसेज भेजकर यूज़र्स को धोखा देने की कोशिश कर रहे हैं।
रिपोर्ट्स में सामने आया है कि अमेरिका और यूरोप में हर दिन लाखों स्पैम मैसेज भेजे जा रहे हैं। इन मैसेज में ऐसे मैसेज या लिंक होते हैं जो यूजर को तुरंत क्लिक करने या अपनी निजी जानकारी साझा करने के लिए मजबूर करते हैं। जैसे ही कोई व्यक्ति इन लिंक पर क्लिक करता है, उसका डेटा हैकर्स के हाथ लग जाता है और बैंक अकाउंट तक पहुंच भी संभव हो जाती है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि ये मैसेज असली नोटिफिकेशन जैसे दिखते हैं, जिनमें लिखा होता है– “आपका टोल पेमेंट फेल हो गया”, “आपका पार्सल डिलीवर नहीं हो सका”, या “रिफंड पाने के लिए लिंक पर क्लिक करें” आदि।
गूगल ने दावा किया है कि एंड्रॉयड सिक्योरिटी हर महीने अरबों स्पैम कॉल और मैसेज को ब्लॉक करती है, वहीं जीमेल 99.9% स्पैम ईमेल रोक देता है। इसके बावजूद कुछ मैसेज सिक्योरिटी फ़िल्टर को बाईपास कर यूज़र्स तक पहुंच जाते हैं। दूसरी ओर, एप्पल ने भी iOS में कॉल स्क्रीनिंग और मैसेज फिल्टर जैसी सुविधाएं जोड़ी हैं, लेकिन साइबर ठगी की रफ्तार कम नहीं हुई है, क्योंकि हैकर्स लगातार नई तकनीक अपनाते रहते हैं और फर्जी नंबरों से हमला करते हैं, जिसे सिस्टम पकड़ नहीं पाता।
फोर्ब्स की रिपोर्ट के अनुसार, ऐसी साइबर ठगी करने वाले अधिकतर गैंग विदेशी नेटवर्क से ऑपरेट होते हैं। ये अपने नंबर बार-बार बदलते हैं ताकि उन्हें ब्लॉक न किया जा सके। गूगल और FBI ने चेतावनी जारी की है कि किसी भी अनजान या संदिग्ध नंबर से आया मैसेज तुरंत डिलीट कर दें। इन फर्जी मैसेज को “Smishing” कहा जाता है, जो दरअसल फिशिंग का मोबाइल वर्ज़न है। यदि कोई यूज़र गलती से लिंक खोल देता है, तो उसे तुरंत अपने बैंक खाते की जांच करनी चाहिए, पासवर्ड बदलना चाहिए और जरूरत पड़े तो साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवानी चाहिए।
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि कोई भी वैध बैंक, सरकारी विभाग या कंपनी कभी भी SMS के जरिए आपके OTP, ATM PIN, पासवर्ड या अकाउंट डिटेल नहीं मांगती। ऐसे में यदि ऐसा कोई मैसेज मिले तो सतर्क रहें और तुरंत डिलीट कर दें। क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही मिनटों में बैंक खाता खाली करा सकती है, जबकि एक छोटी सी सावधानी आपको पूरी तरह सुरक्षित रख सकती है।
