BRICS सम्मेलन में तारिक रहमान को न्योता मिला था या नहीं? 🇮🇳🇧🇩 भारत के विदेश मंत्रालय ने बताया- दो बार भेजा गया था निमंत्रण। जानिए पूरा मामला।

BRICS शिखर सम्मेलन को लेकर भारत और बांग्लादेश के बीच निमंत्रण को लेकर विवाद सामने आया है। बांग्लादेश की ओर से पहले कहा गया था कि प्रधानमंत्री तारिक रहमान को भारत की तरफ से BRICS सम्मेलन में शामिल होने के लिए निमंत्रण नहीं मिला। अब भारतीय विदेश मंत्रालय ने इस दावे पर अपना पक्ष रखते हुए कहा है कि तारिक रहमान को दो अलग-अलग मौकों के लिए निमंत्रण भेजा गया था। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मंगलवार को इस मामले की जानकारी दी। उनके मुताबिक, एक निमंत्रण द्विपक्षीय यात्रा के लिए था, जबकि दूसरा BRICS शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए भेजा गया था।
तारिक रहमान को दो बार भेजा गया था निमंत्रण…..
विदेश मंत्रालय के अनुसार, बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान को भारत की तरफ से दो निमंत्रण मिले थे। इनमें से एक द्विपक्षीय यात्रा से संबंधित था और दूसरा 18वें BRICS शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए था। सम्मेलन में तारिक रहमान की मौजूदगी नहीं रही। इसको लेकर दोनों देशों के बीच निमंत्रण को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए हैं।
मोदी-शी जिनपिंग की हुई द्विपक्षीय बैठक…..
BRICS सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच द्विपक्षीय बैठक भी हुई। रणधीर जायसवाल ने बताया कि बातचीत के दौरान भारत की प्रमुख चिंताओं पर चर्चा हुई। भारत ने इस दौरान दोनों देशों के बीच आपसी सम्मान, आपसी हित और आपसी संवेदनशीलता के सिद्धांतों को बनाए रखने पर जोर दिया। भारत ने चीन से एक-दूसरे की प्रमुख चिंताओं के प्रति संवेदनशील रहने की आवश्यकता भी बताई।
हूथी हमलों और जाकिर नाइक का मुद्दा…..
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि BRICS सम्मेलन के दौरान विदेश मंत्री एस. जयशंकर और सऊदी अरब के विदेश मंत्री के बीच हूथी हमलों से जुड़े मुद्दों पर बातचीत हुई। वहीं, जाकिर नाइक का मामला भी भारत ने मलेशिया के सामने लगातार उठाए जाने की बात कही है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस मुद्दे पर दोनों देशों के बीच विभिन्न स्तरों पर बातचीत जारी है।
भारत-रूस ऊर्जा सहयोग पर जोर…..
कुडनकुलम परमाणु ऊर्जा परियोजना का जिक्र करते हुए रणधीर जायसवाल ने कहा कि ऊर्जा क्षेत्र भारत और रूस के संबंधों का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। भारत और रूस के बीच ऊर्जा सहयोग को लगातार मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है। कुडनकुलम परमाणु परियोजना इसी साझेदारी का एक प्रमुख उदाहरण है।
ओमान तट के पास जहाज पर हमला, एक भारतीय लापता…..
विदेश मंत्रालय ने ओमान के तट के पास एक व्यावसायिक जहाज पर हुए हमले की भी जानकारी दी। पनामा के झंडे वाले इस जहाज पर कुल 14 भारतीय नागरिक और नाविक सवार थे। जायसवाल के मुताबिक, इनमें से 13 भारतीयों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि एक भारतीय नाविक अभी भी लापता है। ओमान के अधिकारियों की मदद से खोज और बचाव अभियान जारी है और भारतीय दूतावास स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है। भारत ने साफ कहा कि वाणिज्यिक जहाजों, नाविकों, आम नागरिकों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना स्वीकार्य नहीं है। भारत ने अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों पर सुरक्षित नौवहन और व्यापारिक गतिविधियों को जल्द सामान्य करने की अपील भी की है।
मसूद अजहर को लेकर पाकिस्तान पर निशाना…..
मसूद अजहर के मुद्दे पर भी भारत ने पाकिस्तान को घेरा। विदेश मंत्रालय ने कहा कि पाकिस्तान को आतंकवाद से जुड़े मामलों में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत का रुख स्पष्ट है और पाकिस्तान को मसूद अजहर के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। भारत का कहना है कि आतंकवाद के खिलाफ प्रभावी कदम उठाना पाकिस्तान की जिम्मेदारी है।
BRICS सम्मेलन से सामने आई कई अहम बातें…..
BRICS सम्मेलन के दौरान भारत की कूटनीतिक गतिविधियों में चीन, सऊदी अरब, रूस और बांग्लादेश से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे सामने आए। वहीं, तारिक रहमान को निमंत्रण दिए जाने को लेकर भारत और बांग्लादेश के अलग-अलग दावों ने भी ध्यान खींचा है। भारतीय विदेश मंत्रालय के मुताबिक, तारिक रहमान को BRICS सम्मेलन में शामिल होने के लिए निमंत्रण भेजा गया था। ऐसे में अब इस मुद्दे पर बांग्लादेश की ओर से आगे क्या प्रतिक्रिया आती है, इस पर नजर रहेगी।
