PM CARES Fund में ₹8,452 करोड़! 93% रकम FD में, वहीं घरेलू और विदेशी चंदे में गिरावट दर्ज हुई। जानिए फंड से कितना हुआ खर्च।

PM CARES Fund को लेकर वित्त वर्ष 2024-25 की ऑडिट रिपोर्ट से जुड़ी कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, 31 मार्च 2025 तक PM CARES Fund में कुल ₹8,452 करोड़ की रकम थी। इसमें से करीब ₹7,846 करोड़ फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) में रखे गए थे, जबकि करीब ₹605 करोड़ सेविंग बैंक अकाउंट में थे। यानी कुल फंड का लगभग 93 फीसदी हिस्सा FD में था।
एक साल में बढ़कर ₹8,452 करोड़ हुआ फंड….
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, 31 मार्च 2024 तक PM CARES Fund में करीब ₹7,173 करोड़ थे। एक साल बाद यानी 31 मार्च 2025 तक यह रकम बढ़कर ₹8,452 करोड़ हो गई। इस कुल रकम में सबसे बड़ा हिस्सा FD में रखा गया था। करीब ₹7,846 करोड़ FD में और ₹605 करोड़ सेविंग बैंक अकाउंट में होने की जानकारी दी गई है।
घरेलू चंदे में लगातार गिरावट….
PM CARES Fund में घरेलू चंदे को लेकर भी आंकड़े सामने आए हैं। वित्त वर्ष 2024-25 में घरेलू स्रोतों से करीब ₹479 करोड़ मिले। यह रकम 2023-24 में मिले करीब ₹681.8 करोड़ के मुकाबले लगभग 30 फीसदी कम है। घरेलू चंदे के आंकड़ों पर नजर डालें तो 2020-21 में यह करीब ₹7,184 करोड़ था। इसके बाद 2021-22 में घटकर ₹1,896 करोड़ और 2022-23 में करीब ₹909 करोड़ रह गया। इसके बाद 2024-25 में यह आंकड़ा करीब ₹479 करोड़ बताया गया है।
विदेशी चंदे में भी आई गिरावट….
विदेशी स्रोतों से मिलने वाले चंदे में भी कमी दर्ज की गई। 2020-21 में विदेश से करीब ₹495 करोड़ मिले थे। 2021-22 में यह रकम करीब ₹40 करोड़ और 2022-23 में करीब ₹2.57 करोड़ रह गई। वित्त वर्ष 2024-25 में विदेशी चंदा करीब ₹92.8 लाख रहा, जबकि 2023-24 में यह करीब ₹1.13 करोड़ था।
2024-25 में कितना हुआ खर्च….?
ऑडिट रिपोर्ट से जुड़े आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष 2024-25 में PM CARES for Children Scheme पर करीब ₹87.8 लाख खर्च किए गए। पिछले वित्त वर्ष में इस योजना पर करीब ₹15.37 करोड़ खर्च होने की जानकारी दी गई थी। पूरे वित्त वर्ष 2024-25 में फंड से करीब ₹87.85 लाख का पेमेंट होने की बात सामने आई है, जबकि 2023-24 में यह रकम करीब ₹15.6 करोड़ थी।
कोरोना काल में ऑक्सीजन प्लांट और वेंटिलेटर पर खर्च….
PM CARES Fund का गठन आपात स्थितियों और संकट के समय राहत एवं सहायता के लिए किया गया था। कोरोना महामारी के दौरान इस फंड से स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए भी खर्च किया गया। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2021-22 में करीब ₹1,703 करोड़ ऑक्सीजन प्लांट और करीब ₹835 करोड़ वेंटिलेटर पर खर्च किए गए। उस साल फंड से कुल खर्च करीब ₹1,938 करोड़ बताया गया।
आंकड़ों से क्या पता चलता है….?
PM CARES Fund के ताजा आंकड़ों में एक तरफ फंड में कुल रकम बढ़ने की जानकारी सामने आती है, वहीं दूसरी तरफ घरेलू और विदेशी चंदे में पिछले वर्षों की तुलना में गिरावट दिखाई देती है। साथ ही, 31 मार्च 2025 तक फंड की बड़ी रकम FD में रखी गई थी। इन आंकड़ों को समझते समय यह ध्यान रखना जरूरी है कि फंड में मौजूद कुल रकम और किसी वित्त वर्ष में हुआ खर्च अलग-अलग चीजें हैं। इसी तरह ₹8,452 करोड़ का आंकड़ा कुल फंड है, इसे उस साल का खर्च या मुनाफा नहीं माना जा सकता।
