
मुंबई, 27 मार्च। महाराष्ट्र विधानसभा सत्र के दौरान फर्जी एंट्री पास बनाए जाने का मामला सामने आया है। मुंबई की मरीन ड्राइव पुलिस ने इस मामले में मंत्रालय में काम करने वाले कर्मचारियों समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस बारे में मुंबई पुलिस ने शुक्रवार को जानकारी दी।
नकली पास बनाने का मामला आया सामने
जानकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र विधानसभा सत्र के दौरान प्रवेश के लिए नकली एंट्री पास बनाए जाने की शिकायत सामने आई थी। इस मुद्दे को राज्य सरकार में मंत्री उदय सामंत ने भी उठाया था।
मामले की जांच के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें मंत्रालय के कुछ कर्मचारी भी शामिल बताए जा रहे हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
मरीन ड्राइव पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान केशव गुंजल (53), गणपत भाऊ जावले (50), नागेश शिवाजी पाटिल (42), मनोज आनंद मोरबले (40) और स्वप्निल रमेश तायडे (40) के रूप में हुई है।
पास पर लिखा था ‘सीएम कार्यालय सलाहकार’
पुलिस सूत्रों के अनुसार दत्तात्रय गुंजाल नामक व्यक्ति को एक एंट्री पास दिया गया था, जिस पर कथित तौर पर ‘मुख्यमंत्री कार्यालय सलाहकार’ लिखा हुआ था।
विधानभवन पुलिस को इस पास पर शक हुआ, जिसके बाद उससे पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान मामले की जांच आगे बढ़ी और पूरे फर्जी पास नेटवर्क का खुलासा हुआ।
नेटवर्क में और लोगों के शामिल होने की आशंका
एक शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
सूत्रों के मुताबिक इस पूरे नेटवर्क में और भी लोगों के शामिल होने की संभावना है, इसलिए पुलिस अन्य संदिग्धों की तलाश कर रही है। फिलहाल जांच में पैसों के लेन-देन की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन मरीन ड्राइव पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
हाल ही में समाप्त हुआ बजट सत्र
गौरतलब है कि महाराष्ट्र विधानसभा का बजट सत्र 25 मार्च को समाप्त हुआ था। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने 6 मार्च को सदन में बजट पेश किया था।
