
नई दिल्ली, 27 मार्च। देशभर में भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव रामनवमी की धूम देखने को मिल रही है। इस अवसर पर अयोध्या के भव्य राम मंदिर में रामलला का ‘सूर्य तिलक’ किया गया, जिसे देखकर भक्तों में अपार उत्साह और भक्ति का माहौल दिखाई दिया। रामलला का ललाट लगभग चार मिनट तक सूर्य की किरणों से जगमगाता रहा।
पीएम मोदी ने भी देखा सीधा प्रसारण
रामलला के सूर्य तिलक का सीधा प्रसारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने आवास पर टीवी के माध्यम से देखा। इस दौरान पीएम मोदी ने तालियां बजाकर अपनी खुशी व्यक्त की और हाथ जोड़कर भगवान राम की पूजा-अर्चना भी की।
इस दिव्य पल की तस्वीरें और वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें प्रधानमंत्री मोदी रामलला के सूर्य तिलक के भव्य दृश्य का प्रसारण देखते नजर आ रहे हैं।
पहले भी बन चुके हैं इस पल के साक्षी
यह पहली बार नहीं है जब प्रधानमंत्री मोदी इस दिव्य क्षण के साक्षी बने हैं। इससे पहले साल 2024 में असम में एक रैली के दौरान भी उन्होंने हेलीकॉप्टर से टैबलेट पर रामलला के सूर्य तिलक का सीधा प्रसारण देखा था।
अभिजीत मुहूर्त में हुआ सूर्य तिलक
अयोध्या में दोपहर 12 बजे अभिजीत मुहूर्त में रामलला का सूर्य तिलक किया गया। इस दौरान सूर्य की किरणें सीधे भगवान राम के ललाट पर पड़ीं।
इस धार्मिक अनुष्ठान के दौरान 14 पुजारी गर्भगृह में मौजूद रहे और सूर्य तिलक के बाद भगवान की आरती की गई। इसके बाद कुछ समय के लिए रामलला के पट भी बंद किए गए।
श्रद्धालुओं की उमड़ी भारी भीड़
रामनवमी के अवसर पर सुबह से ही अयोध्या में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। देश के विभिन्न हिस्सों से लोग इस पवित्र अवसर पर रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या पहुंचे।
भक्तों ने सुबह पवित्र स्नान करने के बाद मंदिर में दर्शन किए और पूरा शहर ‘जय श्री राम’ के जयकारों से गूंज उठा।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
इस अवसर पर जिला प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की थी। शहर के विभिन्न स्थानों पर पुलिस बलों को तैनात किया गया ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
सुरक्षा के बीच श्रद्धालुओं को सुगम तरीके से पूजा-अर्चना और दर्शन करने का अवसर मिला।
