क्या दाल अंडे की जगह ले सकती है? समझें दोनों के पोषण का पूरा अंतर।

सरकारी स्कूलों के मिड-डे मील को लेकर इन दिनों पोषण पर चर्चा तेज हो गई है। कोलकाता के सरकारी स्कूलों में मिड-डे मील से अंडे हटाकर उनकी जगह शाकाहारी विकल्प देने के फैसले के बाद यह सवाल उठने लगा है कि क्या दाल और सब्जियां अंडे जितना पोषण दे सकती हैं?
बढ़ते बच्चों के लिए प्रोटीन बेहद जरूरी होता है, क्योंकि यह शरीर की ग्रोथ, मांसपेशियों के विकास और रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाता है। ऐसे में अंडे और दाल के पोषण की तुलना करना जरूरी हो जाता है।
एक अंडे में कितना प्रोटीन होता है?
अंडे को लंबे समय से उच्च गुणवत्ता वाले प्रोटीन का सस्ता और आसान सोर्स माना जाता है. एक सामान्य अंडे में करीब 6 से 7 ग्राम प्रोटीन होता है. इसमें शरीर के लिए जरूरी सभी आवश्यक अमीनो एसिड पाए जाते हैं, इसलिए इसे कम्प्लीट प्रोटीन भी कहा जाता है. यही वजह है कि बढ़ते बच्चों के खानपान में अंडे को अहम माना जाता है.
अंडे और दाल के प्रोटीन में क्या अंतर है?
अंडा और दाल दोनों ही प्रोटीन के अच्छे स्रोत हैं, लेकिन दोनों के पोषण में कुछ अंतर होता है।
अंडे की खासियत
- उच्च गुणवत्ता वाला प्रोटीन
- सभी आवश्यक अमीनो एसिड मौजूद
- शरीर आसानी से प्रोटीन को अवशोषित करता है
- कम मात्रा में ज्यादा पोषण
दाल की खासियत
- शाकाहारी प्रोटीन का अच्छा स्रोत
- फाइबर से भरपूर
- आयरन और अन्य पोषक तत्व मौजूद
- लंबे समय तक पेट भरा रखने में मददगार
हालांकि, दालों में कुछ आवश्यक अमीनो एसिड कम मात्रा में हो सकते हैं। इसलिए विशेषज्ञ अक्सर दाल को चावल, रोटी, दूध, दही, पनीर या सोया जैसे खाद्य पदार्थों के साथ लेने की सलाह देते हैं।
बच्चों के मिड-डे मील में क्यों अहम है प्रोटीन?
स्कूल जाने वाले बच्चों के लिए संतुलित आहार बेहद जरूरी होता है।
प्रोटीन की कमी से—
- शारीरिक विकास प्रभावित हो सकता है।
- कमजोरी और थकान महसूस हो सकती है।
- मांसपेशियों का विकास धीमा हो सकता है।
- बीमारी से लड़ने की क्षमता कम हो सकती है।
इसलिए मिड-डे मील में केवल पेट भरने वाला खाना नहीं, बल्कि पर्याप्त पोषण होना जरूरी है।
अगर अंडा हटाया जाए तो क्या विकल्प हो सकते हैं?
अंडे और दाल में एक बड़ा अंतर है. अंडे का प्रोटीन शरीर आसानी से अवशोषित कर लेता है, जबकि दाल में मौजूद प्रोटीन के साथ कार्बोहाइड्रेट भी अधिक मात्रा में होता है. इसलिए न्यूट्रिशन एक्सपर्ट अक्सर संतुलित आहार में दोनों को शामिल करने की सलाह देते हैं. अगर किसी कारण से अंडा नहीं दिया जा रहा है, तो दाल के साथ दूध, दही, पनीर, सोया या दूसरी प्रोटीन युक्त चीजें शामिल करना जरूरी माना जाता है, ताकि बच्चों की दैनिक प्रोटीन जरूरत पूरी हो सके. भारत के अलग-अलग राज्यों में मिड-डे मील का मेन्यू अलग है. कई राज्यों में बच्चों को सप्ताह में कुछ दिन अंडा दिया जाता है, जबकि कुछ राज्यों में दाल, चना, पनीर, दूध और दूसरी शाकाहारी चीजों के जरिए पोषण देने की व्यवस्था की जाती है.
बच्चों के लिए क्या जरूरी?
एक्सपर्ट का कहना है कि बच्चों के लिए सबसे जरूरी बात यह है कि उन्हें रोजाना पर्याप्त मात्रा में प्रोटीन, विटामिन और मिनरल्स मिलें. अगर अंडे की जगह ऐसा शाकाहारी विकल्प दिया जाता है जो समान पोषण उपलब्ध कराए, तो बच्चों के विकास पर असर कम पड़ सकता है. लेकिन केवल अंडा हटाकर पोषण की भरपाई न की जाए, तो इससे बढ़ते बच्चों की सेहत और शारीरिक विकास प्रभावित होने का खतरा बढ़ सकता है.
Disclaimer: यह जानकारी रिसर्च स्टडीज और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है. इसे मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें. किसी भी नई व्यायाम को अपनाने से पहले अपने डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें
