मंदी से परेशान थाईलैंड के व्यापारियों ने अपनाया अनोखा ‘गोल्डन फॉर्मूला’!

कल्पना कीजिए… एक ऐसा बाजार जहाँ मंदी की मार से परेशान व्यापारी भगवान से सिर्फ दुआ नहीं मांग रहे, बल्कि अपने चेहरों को ही सोने से चमका रहे हैं! जी हां, यह कोई फिल्म की कहानी नहीं, बल्कि हकीकत है। इन दिनों थाईलैंड की सड़कों और मंदिरों में एक अनोखा और हैरान कर देने वाला नजारा देखने को मिल रहा है। आर्थिक तंगी और मंदी के चक्रव्यूह से बाहर निकलने के लिए यहाँ के लोग अपने चेहरों पर असली सोने का वर्क (Gold Leaf) लगवा रहे हैं।
थाईलैंड के पोर काए नोएन लैन पार्क में इन दिनों पैर रखने की जगह नहीं है। सुबह होते ही यहाँ दर्जनों लोगों की लंबी कतारें लग जाती हैं। इनमें सबसे ज्यादा संख्या उन छोटे व्यापारियों और दुकानदारों की है, जिनका काम-धंधा मंदी की वजह से ठप पड़ा है। ये लोग घंटों अपनी बारी का इंतजार करते हैं, सिर्फ एक खास अनुष्ठान के लिए। इस अनुष्ठान की प्रक्रिया भी बेहद दिलचस्प है। सबसे पहले चेहरे की अच्छी तरह से मालिश की जाती है। उसके बाद, बेहद सावधानी से असली सोने की पतली परतों यानी वर्क को लोगों के माथे, गालों और ठुड्डी पर चिपका दिया जाता है। इसके बाद शुरू होता है विशेष मंत्रों और पूजा का दौर। दावा किया जाता है कि पूजा की शक्ति से यह सोना त्वचा में Absorb जाता है।
अब आप सोच रहे होंगे कि चेहरे पर सोना लगाने से बिजनेस कैसे चलेगा? दरअसल, इसके पीछे थाई समाज की गहरी आस्था छिपी है। थाईलैंड में सोने को सिर्फ एक धातु नहीं, बल्कि सौभाग्य, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक माना जाता है।
प्राचीन काल से ही यहाँ की परंपरा रही है कि लोग मंदिरों में भगवान बुद्ध की मूर्तियों पर सोने की परत चढ़ाते हैं। अब, जब मंदी ने कमर तोड़ी और भविष्य अनिश्चित नजर आने लगा, तो लोगों ने इसी प्राचीन विश्वास का सहारा लिया। उनका मानना है कि बुद्ध की मूर्तियों की तरह जब उनके अपने चेहरे सोने से चमकेंगे, तो उनका सोया हुआ भाग्य भी जाग उठेगा।
यह अनोखा ट्रेंड सिर्फ इस पार्क या बैंकॉक तक सीमित नहीं है। आर्थिक मंदी से उबरने की यह छटपटाहट और उम्मीद का यह गोल्डन फॉर्मूला अब थाईलैंड के कई अन्य शहरों में भी तेजी से फैल रहा है। व्यापारी इसे अपने काम-धंधे को वापस पटरी पर लाने का एक आखिरी और चमत्कारी उपाय मान रहे हैं।
कहते हैं कि जब इंसान के सारे रास्ते बंद हो जाते हैं, तो वो आस्था के दरवाजे पर दस्तक देता है। थाईलैंड का यह गोल्ड लीफ अनुष्ठान इसी बात का गवाह है। अब यह आस्था उनके व्यापार में कितनी समृद्धि लाएगी यह तो वक्त बताएगा, लेकिन इस सोने की चमक ने दुनिया का ध्यान अपनी ओर जरूर खींच लिया है।
