पंजाब की मशहूर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर 'भाभी चुम्मेवाली' उर्फ रंजीत कौर और उनके पति जिंदा हंस के खिलाफ कथित अश्लील कंटेंट और धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में FIR दर्ज की गई है।

पंजाब की चर्चित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर रंजीत कौर, जिन्हें इंटरनेट पर ‘भाभी चुम्मेवाली’ के नाम से जाना जाता है, एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह उनके वायरल वीडियो नहीं, बल्कि उनके और उनके पति जिंदा हंस के खिलाफ दर्ज हुई एफआईआर है। दोनों पर कथित तौर पर अश्लील कंटेंट प्रसारित करने और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप लगाए गए हैं। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कौन हैं ‘भाभी चुम्मेवाली’?
‘भाभी चुम्मेवाली’ उर्फ रंजीत कौर पंजाब की एक बेहद लोकप्रिय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हैं. वो इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर अपनी शॉर्ट कॉमेडी रील्स और अलग अंदाज के लिए जानी जाती हैं. कोविड-19 महामारी के दौरान उन्होंने मनोरंजन के लिए शॉर्ट वीडियो बनाने शुरू किए थे. एक वीडियो में उन्होंने अपने फॉलोअर्स को ‘फ्लाइंग किस’ दी, जिसके बाद कमेंट्स में लोगों ने उन्हें ‘भाभी चुम्मेवाली’ कहना शुरू कर दिया. इसके बाद उन्होंने इसी नाम को अपनी डिजिटल पहचान बना लिया.
सोशल मीडिया से फिल्मों तक का सफर
लगातार बढ़ती लोकप्रियता के चलते रंजीत कौर को पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री में भी मौका मिला। उन्होंने दिलजीत दोसांझ अभिनीत फिल्म ‘जट्ट एंड जूलियट 3’ में कैमियो भूमिका निभाई। सोशल मीडिया पर उनके लाखों फॉलोअर्स हैं और उनके वीडियो नियमित रूप से बड़ी संख्या में देखे जाते हैं। वह अक्सर अपने पति जिंदा हंस और परिवार के साथ मनोरंजन से जुड़े वीडियो साझा करती हैं।
क्या है पूरा मामला?
रंजीत कौर और उनके पति जिंदा हंस के खिलाफ लुधियाना के मोती नगर थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दोनों सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो साझा करते हैं जिनमें कथित रूप से अश्लील भाषा, आपत्तिजनक इशारे और फूहड़ कंटेंट का इस्तेमाल किया जाता है। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस तरह का कंटेंट समाज, विशेषकर बच्चों पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकता है।
धार्मिक भावनाएं आहत करने का भी आरोप
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि उनके कुछ वीडियो धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले हैं। इन आरोपों के आधार पर पंजाब पुलिस ने सूचना प्रौद्योगिकी (IT) अधिनियम की धारा 67 और 67A सहित संबंधित प्रावधानों के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अभी तक आरोपों पर अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला गया है।
पहले भी हो चुका है विवाद
यह पहली बार नहीं है जब रंजीत कौर विवादों में आई हैं। इससे पहले भी उनके कुछ वीडियो को लेकर आपत्ति जताई गई थी। कुछ समय पहले निहंग सिंहों के एक समूह ने उनके घर पहुंचकर उनके कंटेंट पर आपत्ति जताई थी. उस दौरान रंजीत कौर ने सफाई देते हुए कहा था कि वो केवल मनोरंजन के उद्देश्य से तुकबंदी वाले वीडियो बनाती हैं और इसी से उनके परिवार का गुजारा चलता है. वहीं, FIR दर्ज होने के बाद रंजीत कौर और उनके पति जिंदा हंस ने एक वीडियो जारी कर दावा किया कि उन्हें बेवजह परेशान किया जा रहा है. उनका कहना है कि समय आने पर वो पुलिस के सामने अपना पक्ष और सभी सबूत पेश करेंगे. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
