AI पर ट्रंप का बड़ा बयान! 🤖🇺🇸 लगाम लगाने की बहस पर बोले- बेवजह टेंशन लेने की जरूरत नहीं, जो जीतेगा वही आगे रहेगा।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को लेकर बड़ा बयान दिया है। आयरलैंड से अमेरिका लौटते समय एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने AI, चीन, कनाडा और व्यापार समेत कई मुद्दों पर अपनी राय रखी।
AI को लेकर क्या बोले ट्रंप ……?
AI की बढ़ती भूमिका और इसे लेकर नियम-कायदे बनाने की चर्चा के बीच ट्रंप ने कहा कि इस क्षेत्र में बेवजह तनाव लेने की जरूरत नहीं है। उन्होंने अपनी बात दोहराते हुए कहा कि “जो AI जीतेगा, वही जीतेगा।” ट्रंप ने दावा किया कि AI के क्षेत्र में अमेरिका काफी आगे है। जब उनसे पूछा गया कि क्या वह खुद AI का इस्तेमाल करते हैं, तो उन्होंने कहा कि हां, वह इसका इस्तेमाल करते हैं। उन्होंने यह बताने से इनकार कर दिया कि व्यक्तिगत तौर पर वह AI का इस्तेमाल किस तरह या किस काम के लिए करते हैं।
चीन को लेकर ट्रंप का क्या रुख…..?
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बारे में ट्रंप ने कहा कि उन्हें लगता है कि उन्होंने अब तक उचित तरीके से व्यवहार किया है और अमेरिका ने भी चीन के साथ ठीक व्यवहार किया है। चीन की जासूसी से जुड़े सवाल पर ट्रंप ने कहा कि अगर चीन अमेरिका की जासूसी करता है तो अमेरिका भी चीन की जासूसी करता है। यानी इस मामले में उन्होंने दोनों देशों की गतिविधियों को एक ही नजरिए से देखने की बात कही।
चीनी कारों और टैरिफ पर भी बोले…..
ट्रंप ने चीनी कारों के अमेरिकी बाजार में आने के सवाल पर कहा कि अभी तक उन्होंने इसकी अनुमति नहीं दी है। उन्होंने इसके पीछे अपनी टैरिफ नीति को वजह बताया। ट्रंप के मुताबिक, चीन से आने वाले सामान पर अमेरिका ने 100 से 150 प्रतिशत तक टैरिफ लगाए थे। उन्होंने दावा किया कि इसी नीति की वजह से चीनी कारें अमेरिकी बाजार से बाहर रहीं।
कनाडा को बताया ‘सबसे मुश्किल देश’…..
कनाडा को लेकर भी ट्रंप ने अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका कहना यह नहीं है कि कनाडा रूस या चीन से ज्यादा खतरनाक है, बल्कि उनके लिए कनाडा के साथ काम करना सबसे मुश्किल है। ट्रंप ने कनाडा के आम नागरिकों और वहां के नेताओं के बीच अंतर करते हुए कहा कि कनाडा के लोग अच्छे हैं, लेकिन वहां के नेताओं के साथ काम करना काफी मुश्किल है। उन्होंने यह भी दावा किया कि कनाडा अमेरिका के साथ समझौता करने के लिए उत्सुक है।
AI को लेकर अमेरिका की रणनीति पर नजर…..
ट्रंप के बयान से साफ है कि AI को लेकर अमेरिका इसे रणनीतिक बढ़त के तौर पर देख रहा है। उनके मुताबिक इस क्षेत्र में आगे निकलने की होड़ में जो देश जीत हासिल करेगा, वह भविष्य में मजबूत स्थिति में रहेगा। AI के इस्तेमाल को लेकर नियमों और नियंत्रण पर ट्रंप ने इस बातचीत में कोई विस्तृत नीति सामने नहीं रखी। AI के साथ-साथ चीन, कनाडा और व्यापार को लेकर ट्रंप के बयानों से यह भी संकेत मिलता है कि अमेरिकी प्रशासन तकनीक और व्यापार दोनों मोर्चों पर अपनी स्थिति मजबूत करने पर जोर दे रहा है।
