ऋतिक रोशन की रियल एस्टेट से बंपर कमाई! 🏠💰 मुंबई का लग्जरी फ्लैट किराये पर दिया, हर महीने मिलेंगे 7.30 लाख रुपये।

बॉलीवुड अभिनेता ऋतिक रोशन अपनी फिल्मों के साथ-साथ रियल एस्टेट निवेश को लेकर भी चर्चा में रहते हैं। अब उनकी मुंबई स्थित एक लग्जरी प्रॉपर्टी किराये पर दिए जाने की खबर सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस प्रॉपर्टी से अभिनेता को हर महीने लाखों रुपये की कमाई होगी।
गोरेगांव ईस्ट का फ्लैट हुआ किराये पर….
रियल एस्टेट डाटा एनालिटिक्स फर्म CRE Matrix की रिपोर्ट के मुताबिक, ऋतिक रोशन ने मुंबई के गोरेगांव ईस्ट स्थित अपना एक लग्जरी फ्लैट किराये पर दिया है। यह फ्लैट ग्राहम फर्थ स्टील कंपाउंड में स्थित Lotus Corporate Park के ई विंग की 14वीं मंजिल पर है। फ्लैट नंबर 1402 पर ऋतिक रोशन का मालिकाना हक है। इस प्रॉपर्टी के साथ किरायेदार को तीन कार पार्किंग की सुविधा भी मिलेगी।
हर महीने 7.30 लाख रुपये किराया….
इस प्रॉपर्टी से ऋतिक रोशन को हर महीने 7.30 लाख रुपये किराये के तौर पर मिलेंगे। वहीं, किरायेदार से 43.80 लाख रुपये की सिक्योरिटी डिपॉजिट ली गई है। बताया जा रहा है कि यह रेंट एग्रीमेंट करीब पांच साल के लिए हुआ है। खास बात यह है कि किराये में हर साल 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी होगी। यानी समय के साथ इस प्रॉपर्टी से ऋतिक की किराये की कमाई और बढ़ती जाएगी। अगर पहले साल के किराये की बात करें तो 7.30 लाख रुपये प्रति महीने के हिसाब से अभिनेता को करीब 87.60 लाख रुपये सालाना किराये से मिलेंगे।
फिल्मों के अलावा प्रॉपर्टी से भी कमाई….
ऋतिक रोशन की कमाई का बड़ा हिस्सा फिल्मों और ब्रांड एंडोर्समेंट से आता है, लेकिन अभिनेता के पास कई महंगी रियल एस्टेट प्रॉपर्टीज भी हैं। मुंबई जैसे महंगे शहर में लग्जरी प्रॉपर्टी को किराये पर देकर सेलिब्रिटीज नियमित आय हासिल करते हैं। ऋतिक भी लंबे समय से रियल एस्टेट में निवेश के लिए जाने जाते हैं। ऐसे में उनकी इस प्रॉपर्टी से होने वाली लाखों रुपये की मासिक कमाई उनकी पैसिव इनकम का एक और जरिया बन गई है।
कितनी है ऋतिक रोशन की नेटवर्थ….?
ऋतिक रोशन ने साल 2000 में फिल्म ‘कहो ना प्यार है’ से बॉलीवुड में कदम रखा था। इसके बाद उन्होंने ‘कोई मिल गया’, ‘कृष’, ‘धूम 2’, ‘जिंदगी ना मिलेगी दोबारा’, ‘वॉर’ और ‘फाइटर’ जैसी फिल्मों में काम करके अपनी अलग पहचान बनाई। ऋतिक रोशन की कुल संपत्ति हजारों करोड़ रुपये में बताई जाती है। फिल्मों के अलावा वह अपने फिटनेस और लाइफस्टाइल ब्रांड HRX से भी जुड़े हुए हैं। इसके अलावा वह कई बड़े ब्रांड्स के विज्ञापनों से भी कमाई करते हैं।
वर्कफ्रंट पर क्या कर रहे हैं ऋतिक….?

वर्कफ्रंट की बात करें तो ऋतिक रोशन को पिछली बार फिल्म ‘वॉर 2’ में देखा गया था। फिल्म में उन्होंने कबीर का किरदार निभाया था। इसके अलावा अभिनेता ने आलिया भट्ट स्टारर ‘अल्फा’ में भी कैमियो किया है। ऋतिक रोशन की फिल्मों को लेकर फैंस के बीच हमेशा जबरदस्त उत्सुकता रहती है। वहीं, अब उनकी रियल एस्टेट इनकम भी चर्चा में है, क्योंकि एक ही प्रॉपर्टी से हर महीने 7.30 लाख रुपये की कमाई किसी आम निवेशक के लिए बड़ी रकम मानी जाएगी।
