US Independence Day 2026: क्या आपको पता है कि अमेरिका ने ब्रिटेन से आज़ादी का फैसला 2 जुलाई 1776 को लिया था? फिर पूरी दुनिया 4 जुलाई को ही अमेरिकी स्वतंत्रता दिवस के रूप में क्यों जानती है?

हर साल 4 जुलाई को अमेरिका पूरे उत्साह के साथ अपना स्वतंत्रता दिवस मनाता है। देशभर में भव्य परेड, आतिशबाज़ी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और राष्ट्रीय ध्वज के साथ जश्न का माहौल रहता है।
इतिहास के अनुसार अमेरिका की स्वतंत्रता का राजनीतिक निर्णय 2 जुलाई 1776 को लिया गया था, लेकिन 4 जुलाई 1776 को स्वतंत्रता की आधिकारिक घोषणा स्वीकार और प्रकाशित की गई। इसी कारण 4 जुलाई अमेरिकी राष्ट्रीय पहचान और स्वतंत्रता का प्रतीक बन गई और आज भी पूरे देश में इसी दिन स्वतंत्रता दिवस मनाया जाता है। साल 1941 से इस खास दिन पर पूरे अमेरिका में नेशनल हॉलिडे घोषित किया जाता रहा है.
आइए जानते हैं इस ऐतिहासिक घटना की पूरी कहानी।
2 जुलाई 1776: जब स्वतंत्रता का फैसला हुआ
अमेरिकी क्रांति के दौरान 13 ब्रिटिश उपनिवेशों के प्रतिनिधियों ने ब्रिटेन के दमनकारी शासन से अपने सारे संबंध तोड़ने का मन बना लिया था. इसके लिए बाकायदा 2 जुलाई 1776 को एक एतिहासिक मतदान किया गया, जिसमें सर्वसम्मति से स्वतंत्रता प्राप्त करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई. तकनीकी और व्यावहारिक रूप से देखा जाए तो इसी दिन अमेरिकी उपनिवेशों ने खुद को ब्रिटिश साम्राज्य के बंधनों से पूरी तरह से मुक्त घोषित कर दिया था. लेकिन इस बड़े फैसले को आधिकारिक और कानूनी रूप देने के लिए एक लिखित घोषणा पत्र की जरूरत थी, जिसने इतिहास की तारीख को हमेशा के लिए बदल दिया.
फिर 4 जुलाई क्यों बनी ऐतिहासिक तारीख?
2 जुलाई को स्वतंत्रता का प्रस्ताव पारित होने के बाद नेताओं ने एक विस्तृत दस्तावेज तैयार किया, जिसमें स्वतंत्रता के सिद्धांतों और उसके कारणों को स्पष्ट किया गया। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद थॉमस जेफरसन और अन्य संस्थापकों के द्वारा तैयार किए गए स्वतंत्रता के विस्तृत घोषणा पत्र को लेकर चर्चा हुई.
महाद्वीपीय कांग्रेस ने दो दिनों की गहन समीक्षा के बाद आखिरकार 4 जुलाई 1776 को इस ऐतिहासिक दस्तावेज को आधिकारिक तौर पर पूरी तरह से अपना लिया. चूंकि इस अंतिम लिखित दस्तावेज पर बाकायदा 4 जुलाई की तारीख लिखी थी और इसी रूप में इसे जनता के सामने सार्वजनिक किया गया. यही मुख्य कारण है कि अमेरिका में 2 जुलाई के बजाय 4 जुलाई को ही असली स्वतंत्रता दिवस के रूप में स्वीकार किया गया है. जब यह दस्तावेज पहली बार प्रिंट होकर जनता के बीच पहुंचा, तो उसके सबसे ऊपर बड़े अक्षरों में 4 जुलाई 1776 लिखा हुआ था. इसके बाद से ही हर साल इसी तारीख को अमेरिकी स्वतंत्रता और उसके गौरवशाली इतिहास के प्रतीक के रूप में मनाते हैं. 18वीं शताब्दी से शुरू हुई यह परंपरा आज भी अटूट है और अमेरिकी नागरिक इसी दिन को परेड, आतिशबाजी और संगीत के साथ देशप्रेम से सबसे बड़े उत्सव के रूप में मनाते हैं.
अमेरिका के स्वतंत्रता दिवस की यह कहानी बताती है कि कई बार इतिहास में केवल निर्णय ही नहीं, बल्कि उसकी आधिकारिक घोषणा और सार्वजनिक स्वीकार्यता भी किसी तारीख को अमर बना देती है।
