
सोने-चांदी की कीमत में तेज बढ़त। सोना 1.34 लाख प्रति 10 ग्राम के पार, चांदी 2.34 लाख रुपये प्रति किलो से ऊपर पहुंची।
नई दिल्ली, 2 जनवरी।
शुक्रवार को सोने-चांदी की कीमत में जोरदार तेजी दर्ज की गई। इस बढ़त के चलते सोना एक बार फिर 1.34 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर को पार कर गया, जबकि चांदी का भाव 2.34 लाख रुपये प्रति किलो से ऊपर पहुंच गया।
इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के अनुसार, 24 कैरेट सोने का दाम 1,321 रुपये बढ़कर 1,34,782 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। इससे पहले यह 1,33,461 रुपये पर था। वहीं, 22 कैरेट सोना बढ़कर 1,23,460 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गया, जो पहले 1,22,250 रुपये था।
इसके अलावा, 18 कैरेट सोने की कीमत भी बढ़ी। इसका भाव 1,00,096 रुपये से बढ़कर 1,01,087 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया।
हालांकि, सोने की तुलना में चांदी में ज्यादा उछाल देखने को मिला। चांदी की कीमत 5,300 रुपये बढ़कर 2,34,550 रुपये प्रति किलो हो गई, जो पहले 2,29,250 रुपये थी।
एमसीएक्स पर फरवरी 2026 के सोने के कॉन्ट्रैक्ट में 0.47 प्रतिशत की तेजी आई और इसका भाव 1,36,448 रुपये पर पहुंच गया। वहीं मार्च 2026 की चांदी 2.11 प्रतिशत बढ़कर 2,40,852 रुपये हो गई।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी मजबूती देखने को मिली। सोना 1.10 प्रतिशत बढ़कर 4,389 डॉलर प्रति औंस और चांदी 4.26 प्रतिशत चढ़कर 73.58 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, वैश्विक अनिश्चितता के बीच सुरक्षित निवेश की मांग बढ़ने से सोने-चांदी की कीमत को समर्थन मिल रहा है। इसके अलावा, केंद्रीय बैंकों की लगातार खरीदारी भी कीमतों को मजबूती दे रही है। आने वाले समय में इस तेजी के बने रहने की संभावना जताई जा रही है।
🌐 Suggested External Link
