'70 लोग, एक बाथरूम और गंदगी...' सलमान खान ने सुनाए जेल के दिनों के दर्दनाक अनुभव, बोले- हर दिन था मुश्किल.....

बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनकी कोई फिल्म नहीं, बल्कि रियलिटी शो ‘अलायंस’ का नया प्रोमो है। शो में अपने भाई सोहेल खान का हौसला बढ़ाने पहुंचे सलमान ने अपने जेल के दिनों को याद करते हुए ऐसे अनुभव साझा किए, जिन्होंने सभी को भावुक कर दिया।

जेल के दिनों को किया याद….
प्रोमो वीडियो में सलमान खान बताते हैं कि कई साल पहले जब वह जेल में थे, तब वहां की परिस्थितियां बेहद कठिन थीं। उन्होंने कहा कि छोटी-सी बैरक में 50 से 70 लोग रहते थे और सभी के लिए सिर्फ एक भारतीय शैली का शौचालय (इंडियन स्टाइल कमोड) था। सलमान के मुताबिक, जेल में साफ-सफाई की स्थिति भी बेहद खराब थी। उन्होंने बताया कि वहां गंदगी का अंबार लगा रहता था और कई बार छिपकलियां भी दिखाई देती थीं। ऐसे माहौल में हर दिन बिताना आसान नहीं था।
सोहेल खान को दिया हौसला….
‘अलायंस’ के आगामी एपिसोड में सलमान खान अपने भाई सोहेल खान को मोटिवेट करते नजर आएंगे। प्रोमो के अनुसार, उन्होंने कहा कि मुश्किल समय में हिम्मत नहीं हारनी चाहिए और हर चुनौती का डटकर सामना करना चाहिए। शो में सलमान ने सोहेल और उनकी निजी जिंदगी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि परिवार के सदस्य होने के नाते उन्होंने अपने छोटे भाई को कठिन दौर से गुजरते हुए करीब से देखा है।
पहले भी कर चुके हैं जेल का जिक्र….
यह पहली बार नहीं है जब सलमान खान ने अपने जेल के अनुभव साझा किए हों। इससे पहले भी एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि जेल में सबसे ज्यादा परेशानी बाथरूम की व्यवस्था और वहां के माहौल को लेकर होती थी। उन्होंने यह भी कहा था कि जब इंसान खुद को बेगुनाह मानता है, तो वह सिर ऊंचा करके हर परिस्थिति का सामना करता है।
फैंस के बीच चर्चा में प्रोमो….
‘अलायंस’ का नया प्रोमो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सलमान खान के इस भावुक खुलासे के बाद फैंस उनकी जिंदगी के उस कठिन दौर को लेकर चर्चा कर रहे हैं। वहीं, शो में उनकी मौजूदगी को लेकर दर्शकों की उत्सुकता भी बढ़ गई है। आने वाले एपिसोड में सलमान और सोहेल खान की बातचीत दर्शकों के लिए भावनात्मक और प्रेरणादायक पल साबित हो सकती है।
