दो दिनों से ग्रामीणों में दहशत का कारण बना लेपर्ड आखिरकार चित्तौड़गढ़ के अमोलिया गांव में 40 फीट गहरे खुले कुएं में मृत मिला। वन विभाग ने शव बाहर निकालकर जांच शुरू कर दी है।

राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के गंगरार उपखंड के अमोलिया गांव में पिछले दो दिनों से ग्रामीणों के लिए दहशत का कारण बना लेपर्ड आखिरकार रविवार रात करीब 40 फीट गहरे खुले कुएं में मृत मिला। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मौजूदगी में लेपर्ड के शव को कुएं से बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, पिछले दो दिनों से गांव और आसपास के खेतों में लेपर्ड के घूमने की खबरों के चलते ग्रामीण भय के साए में जी रहे थे। लोग शाम ढलते ही घरों में कैद हो जाते थे और बच्चों को अकेले बाहर नहीं निकलने दिया जा रहा था।
रविवार देर रात ग्रामीणों ने खुले कुएं के पास हलचल देखी। मौके पर पहुंचकर जब उन्होंने कुएं में झांका तो लेपर्ड का शव दिखाई दिया। इसके बाद तुरंत वन विभाग और स्थानीय प्रशासन को सूचना दी गई।
वन विभाग की टीम ने आवश्यक सुरक्षा इंतजामों के बीच शव को बाहर निकलवाया। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि लेपर्ड शिकार की तलाश या रास्ता भटकने के दौरान खुले कुएं में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
घटना के बाद ग्रामीणों ने क्षेत्र में खुले पड़े कुओं को सुरक्षित करने की मांग की है। उनका कहना है कि बिना मुंडेर वाले खुले कुएं न केवल वन्यजीवों बल्कि इंसानों और पशुओं के लिए भी बड़ा खतरा बने हुए हैं।
