गोरखपुर में दर्दनाक हादसा! 💔 स्कूल बस में चढ़ते समय 5 साल का मासूम नीचे गिरा और पिछले पहिए की चपेट में आ गया। हादसे के बाद ग्रामीणों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।

गोरखपुर के पिपराइच थाना क्षेत्र में शनिवार, 12 सितंबर 2026 की सुबह एक दर्दनाक हादसे में 5 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। नैयापार बुजुर्ग गांव में स्कूल जाने के लिए बस में चढ़ते समय बच्चा नीचे गिर गया और बस के पिछले पहिए की चपेट में आ गया। हादसे के बाद परिवार में मातम पसर गया, जबकि ग्रामीणों में भी आक्रोश देखने को मिला।
बस में चढ़ते समय हुआ हादसा……
मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक बच्चे का नाम हिमांशु था। वह रोज की तरह शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे स्कूल जाने के लिए बस का इंतजार कर रहा था। बस पहुंचने के बाद हिमांशु उसमें चढ़ने लगा। इसी दौरान बस कथित तौर पर अचानक आगे बढ़ गई। बस के आगे बढ़ने से बच्चा नीचे गिर गया और पिछले पहिए की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से घायल हिमांशु को परिजन तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश……
बच्चे की मौत की खबर फैलते ही परिवार के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना को लेकर ग्रामीणों में गुस्सा था। उन्होंने स्कूल बस और मौके पर मौजूद शिक्षिका को घेर लिया। ग्रामीणों ने स्कूल प्रबंधन और बस चालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उनका कहना था कि स्कूल आने-जाने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीरता बरती जानी चाहिए।
अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर संभाला मामला…..
हादसे की सूचना मिलने के बाद एसडीएम सदर और सीओ चौरीचौरा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाया। परिजनों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग भी रखी। अधिकारियों की ओर से कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद स्थिति शांत हुई।
बस पुलिस के कब्जे में, मामला दर्ज…..
सीओ चौरीचौरा कुंदन कुमार सिंह के अनुसार, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की और बच्चे की मौत की पुष्टि की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना में शामिल स्कूल बस को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की आगे जांच की जा रही है।
बच्चों की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल…..
स्कूल बस से जुड़े इस हादसे ने एक बार फिर बच्चों की सुरक्षित आवाजाही और स्कूल परिवहन व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। बच्चों के बस में चढ़ने और उतरने के दौरान वाहन चालक तथा स्कूल स्टाफ की सतर्कता बेहद जरूरी होती है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर हादसे की जिम्मेदारी और लापरवाही के आरोपों पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
