जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फत्ताह अल-सिसी के बीच अहम बैठक हुई। इस दौरान मध्य पूर्व में शांति, ईरान के परमाणु कार्यक्रम और क्षेत्रीय स्थिरता पर चर्चा हुई।

नई दिल्ली, 17 जून। फ्रांस के एवियन में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फत्ताह अल-सिसी के बीच अहम मुलाकात हुई। इस दौरान राष्ट्रपति सिसी ने मध्य पूर्व में शांति बहाली की दिशा में हुई प्रगति के लिए ट्रंप को बधाई दी।
राष्ट्रपति अल-सिसी ने कहा कि मध्य पूर्व में शांति स्थापित करने की दिशा में मिली सफलता महत्वपूर्ण है और इसके लिए वह अमेरिकी राष्ट्रपति को बधाई देते हैं। उन्होंने हालिया समझौते को “बेहद महत्वपूर्ण” बताते हुए कहा कि मिस्र अंतिम समझौते का इंतजार कर रहा है, जिसके बाद वह अपनी आधिकारिक प्रतिक्रिया देगा।
अमेरिकी प्रशासन के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट ‘रैपिड रिस्पांस’ के अनुसार, राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और मिस्र के संबंध लंबे समय से मजबूत रहे हैं और दोनों देशों के बीच व्यापार समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई है।
ईरान को लेकर ट्रंप का बड़ा दावा
मुलाकात के दौरान ट्रंप ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर भी टिप्पणी की। उन्होंने दावा किया कि लगभग 99.99 प्रतिशत संभावना है कि ईरान कभी परमाणु हथियार हासिल नहीं कर पाएगा। ट्रंप ने कहा कि इस समझौते से वैश्विक बाजारों में सकारात्मक संदेश गया है, शेयर बाजारों में उत्साह है और तेल की कीमतों में गिरावट देखी जा रही है।
हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ईरान के साथ हुआ समझौता अभी अंतिम रूप में नहीं है। ट्रंप ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि ईरान ने समझौते की शर्तों का पालन नहीं किया तो अमेरिका कड़ी कार्रवाई कर सकता है।
होर्मुज जलडमरूमध्य जल्द पूरी तरह खुलेगा
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि समझौते के बाद क्षेत्रीय स्थिरता बढ़ी है और होर्मुज जलडमरूमध्य अगले एक-दो दिनों में पूरी तरह खुलने की संभावना है। उनके अनुसार समुद्री व्यापार और जहाजों की आवाजाही धीरे-धीरे सामान्य हो रही है।
ट्रंप ने इस समझौते को कई कारणों से महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इसकी सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि ईरान परमाणु हथियार विकसित नहीं कर पाएगा। उन्होंने जी-7 शिखर सम्मेलन की भी सराहना की और कहा कि फ्रांस ने इस आयोजन को सफल बनाने में शानदार काम किया है।
