😂 बिग बी को देखते ही घबरा गया अक्षय का हेल्पर! अमिताभ बच्चन के लिए पानी लेकर आया था, लेकिन घबराहट में 4 गिलास पानी ही उनके कुर्ते पर गिरा दिए! फिर अक्षय कुमार को देना पड़ा अपना कुर्ता. 😄

अमिताभ बच्चन के सामने बड़े-बड़े सितारे भी कई बार नर्वस हो जाते हैं। लेकिन जब कोई आम इंसान पहली बार अपने सामने सदी के महानायक को देखे तो उसकी घबराहट का अंदाजा लगाना मुश्किल नहीं है। ऐसा ही एक मजेदार वाकया अक्षय कुमार ने ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ के मंच पर शेयर किया, जिसे सुनकर अमिताभ बच्चन भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए। अक्षय कुमार इन दिनों सैफ अली खान के साथ अपनी अपकमिंग फिल्म ‘हैवान’ के प्रमोशन में जुटे हैं। इसी सिलसिले में दोनों कलाकार अमिताभ बच्चन के क्विज शो KBC 18 में पहुंचे। बातचीत के दौरान अक्षय ने बिग बी को उनके पुराने दौरे की एक ऐसी घटना याद दिलाई, जो आज भी उन्हें अच्छी तरह याद है।
जब अक्षय के घर पहुंचे थे अमिताभ बच्चन…..
अक्षय कुमार ने बताया कि एक बार अमिताभ बच्चन उनके मुंबई के लोखंडवाला स्थित घर आए थे। उस समय अक्षय का एक हेल्पर बिग बी के लिए पानी लेकर आया था। अक्षय के मुताबिक, हेल्पर के हाथ में एक ट्रे थी, जिसमें तीन-चार गिलास पानी रखे हुए थे। लेकिन जैसे ही उसने अमिताभ बच्चन को सामने देखा, वह बुरी तरह घबरा गया।
एक गिलास नहीं, चारों गिलास बिग बी पर गिर गए……
अक्षय ने मजेदार अंदाज में बताया कि हेल्पर को यकीन ही नहीं हो रहा था कि वह जिस शख्स को अब तक टीवी और फिल्मों में देखता आया है, उसके सामने खड़ा है और उसे पानी देने जा रहा है। घबराहट इतनी ज्यादा थी कि पानी की ट्रे संभल नहीं पाई और चारों गिलास का पानी अमिताभ बच्चन के कुर्ते पर गिर गया। अक्षय ने बताया कि अमिताभ उस वक्त कुर्ता पहने हुए थे। लिहाजा पानी गिरने के बाद उनका कुर्ता बदलना जरूरी हो गया।
अमिताभ के लिए अक्षय को देना पड़ा अपना कुर्ता……
किस्सा यहीं खत्म नहीं हुआ। अक्षय कुमार ने बताया कि अमिताभ बच्चन काफी लंबे हैं, इसलिए उनके लिए सही साइज का कपड़ा मिलना भी आसान नहीं था। आखिरकार अक्षय को अपना कुर्ता अमिताभ बच्चन को देना पड़ा। अक्षय ने इस घटना को याद करते हुए बताया कि वह हेल्पर मूल रूप से इलाहाबाद का रहने वाला था और अमिताभ को सामने देखकर इतना उत्साहित और हैरान हो गया था कि उससे यह पूरा ‘कांड’ हो गया। यह किस्सा सुनकर KBC के मंच पर माहौल भी काफी हल्का-फुल्का हो गया। एक तरफ अक्षय पुरानी यादें ताजा कर रहे थे तो दूसरी तरफ अमिताभ बच्चन भी उस मजेदार घटना को याद करते नजर आए।
‘हैवान’ के प्रमोशन में जुटे अक्षय और सैफ……
अक्षय कुमार और सैफ अली खान इन दिनों अपनी फिल्म ‘हैवान’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म का निर्देशन प्रियदर्शन ने किया है और यह 2016 में रिलीज हुई मलयालम फिल्म ‘ओप्पम’ का हिंदी रीमेक बताई जा रही है। फिल्म में बोमन ईरानी, सैयामी खेर, श्रिया पिलगांवकर, राजपाल यादव और शारिब हाशमी जैसे कलाकार भी नजर आएंगे। ‘हैवान’ 11 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। ऐसे में फिल्म के प्रमोशन के दौरान सामने आ रहे अक्षय और सैफ के किस्से दर्शकों के बीच खूब चर्चा बटोर रहे हैं।
