🌦️ मौसम बदला तो FMCG कंपनियों की रणनीति भी बदली! अब सर्दी-गर्मी वाले सामान 12 महीने बिकेंगे। जानिए क्या है कंपनियों का नया प्लान।

मौसम अब पहले जैसा तय पैटर्न पर नहीं चल रहा है। कभी गर्मी लंबे समय तक बनी रहती है, तो कभी बारिश का मौसम उम्मीद से पहले या देर से आता है। सर्दियां भी कई जगहों पर अपने सामान्य समय से पहले दस्तक दे देती हैं। मौसम के इस बदलते मिजाज का असर सिर्फ लोगों की दिनचर्या पर नहीं, बल्कि कंपनियों के कारोबार पर भी पड़ रहा है। इसी बदलते मौसम को देखते हुए FMCG कंपनियां अब अपने मौसमी प्रोडक्ट्स को पूरे साल बेचने की रणनीति पर काम कर रही हैं। यानी जिन सामानों की बिक्री अब तक गर्मी या सर्दी जैसे किसी खास मौसम तक सीमित रहती थी, उन्हें अब साल के 12 महीने इस्तेमाल होने वाले प्रोडक्ट के तौर पर पेश किया जा रहा है।
गर्मी-सर्दी से निकलकर सालभर की जरूरत बनेंगे प्रोडक्ट…..
FMCG सेक्टर में लंबे समय से कुछ प्रोडक्ट्स की बिक्री मौसम के साथ जुड़ी रही है। गर्मी आते ही ग्लूकोज पाउडर, घमौरियों से राहत देने वाले पाउडर और कुछ स्किन केयर प्रोडक्ट्स की मांग बढ़ जाती है। वहीं सर्दियों में बॉडी लोशन, मॉइस्चराइजर और इम्यूनिटी से जुड़े उत्पादों की बिक्री तेज हो जाती है। अब कंपनियां इसी सोच को बदलने की कोशिश कर रही हैं। उनका लक्ष्य है कि ग्राहक किसी प्रोडक्ट को केवल मौसम विशेष से जोड़कर न देखें, बल्कि उसे अपनी रोजमर्रा की जरूरत का हिस्सा मानें।
‘सीजन-फ्री’ रणनीति पर बढ़ रहा फोकस…..
मौसम की अनिश्चितता ने कंपनियों के लिए बिक्री का अनुमान लगाना मुश्किल कर दिया है। कंपनियां महीनों पहले यह तय करती हैं कि किस मौसम में कितनी मांग आएगी और उसके हिसाब से उत्पादन, स्टॉक और सप्लाई की योजना तैयार करती हैं। लेकिन अगर मौसम का पैटर्न बदल जाए तो पूरी योजना प्रभावित हो सकती है। उदाहरण के लिए, अगर गर्मी कम समय तक रहे तो गर्मियों के लिए तैयार किया गया स्टॉक धीमी गति से बिक सकता है। इसी तरह सर्दियों का मौसम छोटा होने पर विंटर केयर प्रोडक्ट्स की मांग उम्मीद से कम रह सकती है। इस जोखिम को कम करने के लिए कंपनियां अपने उत्पादों को ‘डी-सीजनलाइज’ यानी सीजन की निर्भरता से बाहर लाने की कोशिश कर रही हैं।
सर्दियों वाला लोशन अब गर्मियों में भी बिकेगा…..
इस रणनीति का एक उदाहरण स्किन केयर प्रोडक्ट्स में देखने को मिल रहा है। जिन लोशन और मॉइस्चराइजर की बिक्री आमतौर पर सर्दियों में बढ़ती थी, उनके हल्के यानी ‘लाइट’ वेरिएंट को गर्मियों में भी प्रमोट किया जा रहा है। अब विज्ञापनों में ऐसे उत्पादों को सिर्फ ‘सर्दियों की सूखी त्वचा’ से जोड़ने के बजाय रोजाना की स्किन केयर और हेल्थ रूटीन का हिस्सा बताया जा रहा है।
कंपनियों को क्या फायदा होगा…..?
सीजनल प्रोडक्ट्स को सालभर बेचने से कंपनियों को कई फायदे मिल सकते हैं। सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि किसी एक मौसम पर बिक्री की निर्भरता कम होगी।
इसके साथ ही कंपनियां:-
- पूरे साल बिक्री को स्थिर रखने की कोशिश कर सकेंगी।
- अचानक मौसम बदलने से होने वाले नुकसान को कम कर सकेंगी।
- अतिरिक्त स्टॉक जमा होने का जोखिम घटा सकेंगी।
- डिस्ट्रीब्यूशन और सप्लाई चेन को बेहतर तरीके से मैनेज कर सकेंगी।
- नए वेरिएंट के जरिए मौजूदा ब्रांड की पहुंच बढ़ा सकेंगी।
बदलते मौसम ने बदला FMCG का सेल्स कैलेंडर…..
FMCG कंपनियों के लिए मौसम सिर्फ तापमान का मामला नहीं है, बल्कि यह सीधे बिक्री और सप्लाई चेन से जुड़ा हुआ है। किस समय कितना माल बनाना है, किस इलाके में कितना स्टॉक भेजना है और रिटेलर को कब सप्लाई देनी है—इन सभी फैसलों पर मौसम का असर पड़ता है। अब मौसम के लगातार बदलते पैटर्न ने कंपनियों को अपनी पुरानी रणनीति पर दोबारा विचार करने के लिए मजबूर किया है।
आने वाले समय में क्या दिखेगा…..?
संभावना है कि आने वाले समय में बाजार में ऐसे कई प्रोडक्ट दिखाई दें जो पहले किसी खास मौसम से जुड़े माने जाते थे, लेकिन अब सालभर उपलब्ध और प्रमोट किए जाएंगे। यानी आने वाले दिनों में ‘गर्मी का सामान’ और ‘सर्दी का सामान’ जैसी पहचान धीरे-धीरे कमजोर हो सकती है। कंपनियां कोशिश करेंगी कि उनका प्रोडक्ट मौसम के हिसाब से नहीं, बल्कि ग्राहक की रोजमर्रा की जरूरत के हिसाब से बिके। सीधी बात यह है कि मौसम भले ही बदलता रहे, लेकिन कंपनियां चाहती हैं कि उनकी बिक्री का मौसम कभी खत्म न हो।
