🇮🇳➡️🇰🇪 टाटा केन्या में क्या बनाती थी और 100 साल पुराने कारोबार पर क्यों लगा ताला? 😮 सरकार ने Tata Chemicals को मागादी झील में कामकाज बंद करने का आदेश दिया है। जानिए इस पूरे विवाद की वजह और टाटा की केन्या यूनिट की पूरी कहानी।

टाटा ग्रुप की कंपनी टाटा केमिकल्स को केन्या में बड़ा झटका लगा है. करीब 100 साल पुराने कारोबार को लेकर सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए कंपनी को मागादी झील इलाके में अपना कामकाज बंद करने का आदेश दिया है. आखिर टाटा केन्या में क्या बनाती थी और ऐसा क्या हुआ कि सरकार को यह कदम उठाना पड़ा….?
टाटा ग्रुप सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया के कई देशों में अपना कारोबार करता है. इसी कड़ी में केन्या में भी टाटा केमिकल्स की एक पुरानी यूनिट है, जिसका इतिहास करीब एक सदी से भी ज्यादा पुराना है. लेकिन अब यही कारोबार सरकार के साथ विवाद की वजह से चर्चा में है. केन्या के राष्ट्रपति विलियम रूटो ने टाटा केमिकल्स मगाडी लिमिटेड के कारोबार को लेकर सख्त रुख अपनाया है. सरकार ने कंपनी के खनन और स्थानीय स्तर पर उसके योगदान को लेकर कई सवाल उठाए हैं.
केन्या में क्या बनाती है टाटा…..?
केन्या में टाटा केमिकल्स का मुख्य कारोबार सोडा ऐश यानी सोडियम कार्बोनेट बनाने का है. इसके लिए कंपनी मागादी झील इलाके से प्राकृतिक खनिज ट्रोना निकालती है और उसे प्रोसेस करके सोडा ऐश तैयार करती है. सोडा ऐश का इस्तेमाल कई रोजमर्रा और औद्योगिक उत्पादों में होता है. इसका इस्तेमाल मुख्य रूप से कांच बनाने, डिटर्जेंट, केमिकल इंडस्ट्री और पानी की सफाई जैसे कामों में किया जाता है. यानी टाटा की केन्या वाली यूनिट किसी सामान्य मैन्युफैक्चरिंग फैक्ट्री से अलग है. यहां प्राकृतिक खनिज को निकालकर उसे एक महत्वपूर्ण औद्योगिक कच्चे माल में बदला जाता है……
1911 में शुरू हुआ था कारोबार…..
टाटा का यह कारोबार नया नहीं है. इसकी शुरुआत साल 1911 में मगाडी सोडा कंपनी के तौर पर हुई थी. बाद में साल 2005 में टाटा केमिकल्स ने इस कारोबार को अपने अधीन ले लिया. इस तरह देखें तो टाटा का केन्या में यह कारोबार करीब 100 साल से भी ज्यादा पुराना है. इतने लंबे इतिहास के बावजूद अब इस यूनिट का भविष्य सवालों के घेरे में है.
आखिर क्यों बंद करना पड़ा कारोबार…..?
मामला सिर्फ एक दिन में नहीं बिगड़ा. केन्या के खनन मंत्रालय ने 28 जुलाई 2026 को टाटा केमिकल्स मगाडी के खनन ऑपरेशन को बंद करने का आदेश दिया था. सरकार ने कंपनी से कई तरह के दस्तावेज और जानकारी भी मांगी. इसमें रॉयल्टी, एक्सपोर्ट रिपोर्टिंग, स्थानीय स्तर पर वैल्यू एडिशन, रोजगार, स्किल ट्रांसफर, स्थानीय सप्लायर्स से खरीद और पर्यावरण नियमों से जुड़े मुद्दे शामिल थे. सरकार का सवाल मूल रूप से यह है कि इतने लंबे समय से केन्या में कारोबार करने के बावजूद स्थानीय लोगों और क्षेत्र को इसका पर्याप्त फायदा क्यों नहीं मिला.
राष्ट्रपति विलियम रूटो ने क्या कहा…..?
केन्या के राष्ट्रपति विलियम रूटो ने कंपनी पर सवाल उठाते हुए कहा कि टाटा के पास करीब 100 साल का समय था, लेकिन कंपनी ने काजियाडो क्षेत्र में ऐसी बड़ी फैक्ट्री या इंडस्ट्री विकसित नहीं की, जिससे स्थानीय लोगों को ज्यादा रोजगार और आर्थिक फायदा मिल सके. राष्ट्रपति ने संकेत दिया कि सरकार अब ऐसी कंपनियों को लाने पर जोर देगी, जो स्थानीय स्तर पर बड़ी ग्लास मैन्युफैक्चरिंग और केमिकल मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स स्थापित करें. इससे सरकार की कोशिश कच्चे माल के निर्यात के बजाय उसी देश में ज्यादा वैल्यू जोड़ने और स्थानीय रोजगार बढ़ाने की दिखाई देती है.
टाटा ने आरोपों पर क्या कहा…..?
टाटा केमिकल्स ने केन्या सरकार के आरोपों को स्वीकार नहीं किया है. कंपनी का कहना है कि सरकार की ओर से मांगी गई जानकारी, रिपोर्ट और जरूरी दस्तावेज जमा किए जा चुके हैं. कंपनी ने यह भी कहा है कि वह लागू नियमों का पालन कर रही है और सरकार के साथ बातचीत करके इस मामले को सुलझाने के लिए तैयार है. यानी फिलहाल दोनों पक्षों के बीच मुद्दे को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं.
टाटा की केन्या यूनिट कितनी बड़ी है…..?
टाटा केमिकल्स मगाडी का कारोबार काफी बड़ा माना जाता है. कंपनी हर साल 3.5 लाख टन से ज्यादा सोडा ऐश का एक्सपोर्ट करती है. इस सोडा ऐश को भारत, दक्षिण-पूर्व एशिया, मिडिल ईस्ट और अफ्रीका के दूसरे बाजारों में भेजा जाता है. कंपनी के कारोबार से सिर्फ उसके कर्मचारी ही नहीं, बल्कि कई स्थानीय कारोबारी भी जुड़े हुए हैं. कंपनी के मुताबिक करीब 500 कर्मचारी और उनके परिवार सीधे तौर पर इससे जुड़े हैं. इसके अलावा कॉन्ट्रैक्टर, सप्लायर, ट्रांसपोर्टर और दूसरे स्थानीय कारोबारियों पर भी इस कारोबार का असर पड़ता है.
अब आगे क्या होगा…..?
टाटा केमिकल्स के लिए यह मामला इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि यह सिर्फ एक फैक्ट्री या खनन ऑपरेशन का सवाल नहीं है. इसके साथ कंपनी का दशकों पुराना कारोबार, स्थानीय रोजगार, एक्सपोर्ट और केन्या की औद्योगिक नीति भी जुड़ी हुई है. अगर सरकार और कंपनी के बीच विवाद नहीं सुलझता है, तो इस यूनिट के बंद रहने का असर कर्मचारियों से लेकर सप्लाई चेन और स्थानीय कारोबार तक पड़ सकता है. फिलहाल टाटा की ओर से नियमों के पालन और सरकार के साथ बातचीत के जरिए समाधान निकालने की बात कही गई है. ऐसे में आने वाले समय में यह देखना अहम होगा कि 100 साल पुराने इस कारोबार का अगला अध्याय केन्या में लिखा जाता है या टाटा को यहां से अपना कारोबार समेटना पड़ता है.…..
