MPSC छात्रों की समस्याओं को लेकर अभिजीत दीपके का बड़ा ऐलान! प्रथमेश देशमुख की मौत के बाद महाराष्ट्र में आंदोलन की तैयारी, परीक्षा व्यवस्था और पेपर लीक के मुद्दे पर उठाए सवाल।

महाराष्ट्र में MPSC परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों से जुड़ा मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। पुणे में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे प्रथमेश देशमुख की मौत के बाद छात्रों की परेशानियों और परीक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। इसी बीच सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने MPSC के मुद्दे पर महाराष्ट्र में बड़ा आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया है। दीपके ने धाराशिव में प्रथमेश देशमुख के परिवार से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी। इसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने छात्रों की आर्थिक परेशानियों, परीक्षा में देरी और कथित पेपर लीक जैसे मुद्दों को उठाते हुए सरकार और MPSC की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।
प्रथमेश के परिवार से मिले अभिजीत दीपके……
अभिजीत दीपके ने 10 सितंबर को धाराशिव पहुंचकर प्रथमेश देशमुख के परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और प्रथमेश की परिस्थितियों को लेकर जानकारी साझा की। दीपके के मुताबिक, प्रथमेश आर्थिक कठिनाइयों और कर्ज की वजह से परेशान था। वह पुणे में रहकर लंबे समय से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। परिवार की आर्थिक स्थिति भी चुनौतीपूर्ण थी। उन्होंने छात्रों से अपील करते हुए कहा कि मुश्किल परिस्थितियों में भी उन्हें हिम्मत नहीं हारनी चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि MPSC की तैयारी कर रहे छात्रों की समस्याओं को लेकर वह खुद महाराष्ट्र में आंदोलन के लिए मैदान में उतरेंगे।
MPSC की परीक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल…..
अभिजीत दीपके ने MPSC की परीक्षा प्रक्रिया को लेकर कई गंभीर सवाल उठाए। उनका कहना है कि ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आने वाले छात्र बेहतर भविष्य की उम्मीद में शहरों का रुख करते हैं, लेकिन उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ रहने, खाने और आर्थिक खर्च जैसी कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने परीक्षा में देरी, परिणाम समय पर जारी न होने और पेपर लीक जैसे आरोपों का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसी परिस्थितियां छात्रों के तनाव और निराशा को बढ़ा सकती हैं।
चौथी बार परीक्षा स्थगित होने से नाराज छात्र…..
MPSC की ग्रुप-C परीक्षा को बार-बार स्थगित किए जाने को लेकर भी अभ्यर्थियों में नाराजगी बताई जा रही है। छात्रों का कहना है कि परीक्षा की तारीखों में लगातार बदलाव से उनकी तैयारी और भविष्य की योजनाएं प्रभावित होती हैं। अभ्यर्थी परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और समय पर परीक्षा एवं परिणाम की मांग कर रहे हैं। पेपर लीक जैसे मामलों पर भी सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है।
आंदोलन के ऐलान से गरमाया मामला……
प्रथमेश देशमुख की मौत के बाद MPSC अभ्यर्थियों से जुड़े मुद्दे एक बार फिर चर्चा के केंद्र में हैं। अब अभिजीत दीपके के आंदोलन के ऐलान के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में भी यह मुद्दा गर्म हो सकता है।, इस पूरे मामले में छात्रों की समस्याओं का स्थायी समाधान निकालना सबसे अहम है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए पारदर्शी परीक्षा प्रक्रिया, समय पर परिणाम और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई बेहद महत्वपूर्ण है।
