
पटना, 28 मार्च।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार के राजनीति में सक्रिय होने के बाद राज्य की राजनीति में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। इसी बीच जदयू के मुख्य प्रवक्ता और विधान पार्षद नीरज कुमार ने कहा है कि पार्टी का भविष्य निशांत कुमार के हाथ में है।
‘ग्लोबल थिंकर’ और संभावित नेता
नीरज कुमार ने शनिवार को कहा, “हर दल का शुभचिंतक अपने नेता को ऊंचाई पर देखना चाहता है। निशांत कुमार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सुपुत्र हैं, जिन्हें ‘ग्लोबल थिंकर’ कहा जाता है। हम चाहते हैं कि वे भविष्य में क्लाइमेक्स लीडर बनें।”
उन्होंने इस दौरान एक नारा भी दिया —
“जय निशांत, तय निशांत, तीर निशान, तय निशांत।”
मुख्यमंत्री पद को लेकर क्या बोले
नीरज कुमार ने मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रही चर्चाओं पर कहा कि बिहार का मुख्यमंत्री कौन होगा, इस पर राय व्यक्त करने का सभी को अधिकार है, लेकिन अंतिम निर्णय एनडीए के घटक दलों की सर्वसम्मति से ही होगा।
‘नीतीश मॉडल’ पर ही चलेगी सरकार
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बिहार में जो भी सरकार बनेगी, वह नीतीश कुमार के विकास मॉडल पर ही चलेगी।
नीरज कुमार ने कहा कि ‘नीतीश मॉडल’ बिहार की जनता के विकास, सद्भाव और प्रगति का मॉडल है, जिसे लोगों का व्यापक समर्थन मिला है।
पटना में लगे पोस्टर
इससे पहले पटना में निशांत कुमार को ‘भविष्य का मुख्यमंत्री’ बताते हुए पोस्टर लगाए गए। ये पोस्टर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समर्थकों द्वारा लगाए गए हैं।
पोस्टर में नीतीश कुमार से मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा न देने की अपील भी की गई है। उस पर लिखा है:
“क्यों कर रहे हैं आप ऐसा विचार, जब बिहारवासियों को स्वीकार नहीं कि आप मुख्यमंत्री पद छोड़ जाएं।”
पोस्टर में निशांत कुमार की तस्वीर के साथ नीचे “फ्यूचर सीएम ऑफ बिहार” भी लिखा गया है।
इस घटनाक्रम के बाद बिहार की राजनीति में निशांत कुमार की भूमिका को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।
