CWG 2026 का भव्य समापन, भारत को मिली 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी

ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 (CWG 2026) का समापन रविवार को एक भव्य क्लोजिंग सेरेमनी के साथ हो गया। इस ऐतिहासिक मौके पर भारत के लिए सबसे बड़ी खुशखबरी तब सामने आई, जब कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 की मेजबानी आधिकारिक तौर पर भारत को सौंप दी गई। इसके साथ ही अहमदाबाद में होने वाले 2030 खेलों की तैयारियों की औपचारिक शुरुआत भी हो गई।
भारत को मिला 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी का अधिकार
समापन समारोह के दौरान कॉमनवेल्थ गेम्स का आधिकारिक ध्वज स्कॉटलैंड से भारत को सौंपा गया। यह पल भारतीय खेल इतिहास के लिए बेहद खास माना गया। कार्यक्रम में गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी, भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) की अध्यक्ष पीटी उषा और स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने भारत का प्रतिनिधित्व किया। ध्वज हस्तांतरण के साथ ही यह स्पष्ट हो गया कि 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स का आयोजन अहमदाबाद में होगा।
क्लोजिंग सेरेमनी में भारत ने अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आधुनिक तकनीक और विविधता का शानदार प्रदर्शन कर दुनियाभर के दर्शकों का दिल जीत लिया। भारत की ओर से करीब 18 मिनट 27 सेकंड के सांस्कृतिक कार्यक्रम में संगीत, नृत्य और आधुनिक तकनीक का बेहतरीन संगम देखने को मिला. प्रसिद्ध गायक शंकर महादेवन, ऋषभ शर्मा और भूमि त्रिवेदी की प्रस्तुतियों ने समारोह को यादगार बना दिया।
‘वंदे मातरम’ से गूंज उठा स्टेडियम
ग्लासगो के OVO Hydro Arena में आयोजित समारोह के दौरान भारतीय सांस्कृतिक प्रस्तुति ने पूरे माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। ‘वंदे मातरम‘, ‘शिव स्तोत्र‘ और ‘सुनो गौर से दुनिया वालों‘ जैसे गीतों पर भारतीय दर्शकों ने जोरदार उत्साह दिखाया। विदेशी दर्शकों ने भी भारतीय संस्कृति और संगीत का भरपूर आनंद लिया।
अहमदाबाद 2030 की औपचारिक शुरुआत
कॉमनवेल्थ गेम्स के ध्वज का प्रतीकात्मक हस्तांतरण गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी को किया गया। इसके साथ ही अहमदाबाद 2030 की आधिकारिक शुरुआत हो गई। अब आने वाले वर्षों में खेलों के लिए बुनियादी ढांचे, स्टेडियम और अन्य तैयारियों पर तेजी से काम होने की उम्मीद है।
स्कॉटिश संस्कृति से हुई शुरुआत
समारोह की शुरुआत स्कॉटिश संस्कृति के रंगारंग कार्यक्रमों से हुई. अंतरराष्ट्रीय रॉक बैंड ‘सिंपल माइंड्स’, डांस ग्रुप ‘डायवर्सिटी’ और कई स्थानीय कलाकारों ने संगीत, नृत्य और विजुअल प्रस्तुति से माहौल को यादगार बना दिया. इसके बाद भारत के सांस्कृतिक कार्यक्रम ने दुनिया के सामने अहमदाबाद 2030 की पहली झलक पेश की.
जैस्मिन लैंबोरिया ने संभाला तिरंगा
एथलीटों की पारंपरिक परेड में भारतीय महिला मुक्केबाज जैस्मिन लैंबोरिया ने तिरंगा लेकर भारतीय दल का नेतृत्व किया। इस दौरान 74 कॉमनवेल्थ देशों और क्षेत्रों के खिलाड़ी एक साथ मैदान में उतरे और खेल भावना, दोस्ती और वैश्विक एकता का संदेश दिया।
