मोल्दोवा से भारत लाया गया डबल मर्डर का आरोपी! 🚨 अमृतपाल सिंह के खिलाफ कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इंटरपोल रेड नोटिस के बाद हुई कार्रवाई के जरिए उसे भारत प्रत्यर्पित किया गया।

पंजाब के कई गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित अमृतपाल सिंह उर्फ गुरपाल सिंह को मोल्दोवा से भारत प्रत्यर्पित कर लिया गया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और पंजाब पुलिस के साथ समन्वय कर आरोपी को भारत लाने में अहम भूमिका निभाई। इंटरपोल के रेड नोटिस के तहत कार्रवाई के बाद आरोपी को शनिवार, 12 सितंबर को भारत लाया गया। अमृतपाल सिंह को मोल्दोवा की राजधानी चिशिनाउ से पंजाब पुलिस की चार सदस्यीय टीम दिल्ली लेकर पहुंची। अब पंजाब पुलिस उसके खिलाफ दर्ज मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।
डबल मर्डर समेत कई गंभीर मामले दर्ज…..
अमृतपाल सिंह पंजाब में कई गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित था। उसके खिलाफ हथियारों के इस्तेमाल से जुड़े दोहरे हत्याकांड, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज बताए गए हैं। इसके अलावा उसके खिलाफ जालसाजी, धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल और पासपोर्ट एक्ट के उल्लंघन से जुड़े मामले भी दर्ज हैं। इन मामलों के चलते वह लंबे समय से भारतीय जांच एजेंसियों की नजर में था।
इंटरपोल रेड नोटिस के बाद पकड़ा गया…..
अमृतपाल सिंह को भारत वापस लाने की प्रक्रिया इंटरपोल के जरिए आगे बढ़ाई गई। पंजाब पुलिस के अनुरोध पर CBI ने इंटरपोल चैनल के माध्यम से उसके खिलाफ रेड नोटिस जारी कराया था। इसके बाद आरोपी की लोकेशन मोल्दोवा में सामने आई। वहां के अधिकारियों ने उसे गिरफ्तार किया और भारत की ओर से प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू की गई। पंजाब पुलिस ने मोल्दोवा के अधिकारियों के सामने आरोपी के प्रत्यर्पण का अनुरोध रखा। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद मोल्दोवा ने उसके भारत प्रत्यर्पण को मंजूरी दी।
चार सदस्यीय टीम आरोपी को लेकर पहुंची दिल्ली…..
अमृतपाल सिंह को भारत लाने के लिए पंजाब पुलिस की चार सदस्यीय टीम मोल्दोवा गई थी। टीम आरोपी को लेकर 12 सितंबर को दिल्ली पहुंची। इसके बाद उसे पंजाब पुलिस की आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए सौंपा गया।
इंटरपोल के लिए CBI है भारत की नोडल एजेंसी…..
भारत में इंटरपोल से जुड़े मामलों के लिए CBI राष्ट्रीय केंद्रीय ब्यूरो (National Central Bureau) के रूप में काम करती है। एजेंसी देश की विभिन्न कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ मिलकर इंटरपोल चैनलों के जरिए वांछित अपराधियों की तलाश और उन्हें भारत वापस लाने की प्रक्रिया में समन्वय करती है। CBI के मुताबिक, पिछले कुछ वर्षों में इंटरपोल के साथ समन्वय के जरिए 175 से अधिक वांछित अपराधियों को भारत वापस लाया जा चुका है। अमृतपाल सिंह का प्रत्यर्पण भी इसी अंतरराष्ट्रीय सहयोग और भारतीय एजेंसियों के बीच समन्वय का परिणाम है। अब भारत लौटने के बाद उसके खिलाफ पंजाब में दर्ज मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
