Volkswagen Layoffs: फॉक्सवैगन में 50 हजार और नौकरियों पर संकट! 🚨 कंपनी जर्मनी के 4 बड़े प्लांट बंद करने की तैयारी में है. आखिर क्यों लिया गया इतना बड़ा फैसला?

जर्मनी की दिग्गज कार कंपनी फॉक्सवैगन बड़े कॉस्ट-कटिंग प्लान पर आगे बढ़ रही है. कंपनी ने करीब 50 हजार और नौकरियों में कटौती करने की योजना को मंजूरी दी है. इसके साथ ही जर्मनी के चार बड़े प्लांट्स में कारों का प्रोडक्शन बंद करने की तैयारी है.
ऑटोमोबाइल सेक्टर में इन दिनों जबरदस्त बदलाव देखने को मिल रहा है. इलेक्ट्रिक कारों की बढ़ती मांग, चीन की कंपनियों से बढ़ती प्रतिस्पर्धा और दुनियाभर में बदलते व्यापार नियमों ने बड़ी कार कंपनियों के सामने नई चुनौतियां खड़ी कर दी हैं. इसी बीच जर्मनी की दिग्गज कार कंपनी Volkswagen ने ऐसा फैसला लिया है, जिसने ऑटो इंडस्ट्री में हलचल मचा दी है. कंपनी ने अपने बड़े कॉस्ट-कटिंग और री-स्ट्रक्चरिंग प्लान के तहत करीब 50 हजार और नौकरियों में कटौती को मंजूरी दी है. इतना ही नहीं, जर्मनी में मौजूद चार बड़े प्लांट्स में वाहन उत्पादन बंद करने की योजना भी बनाई गई है. पहले से तय नौकरी कटौती को इसमें जोड़ दें तो कंपनी के पुनर्गठन के तहत कुल करीब 1 लाख पद कम किए जाने की स्थिति बन सकती है.
आखिर क्यों करनी पड़ रही है इतनी बड़ी छंटनी….?
फॉक्सवैगन के सामने एक साथ कई मोर्चों पर चुनौती खड़ी है. सबसे बड़ी परेशानी चीन का बाजार है, जहां स्थानीय कंपनियां कम कीमत पर आधुनिक फीचर्स वाली कारें पेश कर रही हैं. ऐसे में यूरोपीय कंपनियों के लिए चीन में अपनी हिस्सेदारी बनाए रखना मुश्किल होता जा रहा है. इसके अलावा अमेरिका की ओर से लगाए गए टैरिफ और यूरोप में जरूरत से ज्यादा उत्पादन क्षमता भी कंपनी की लागत बढ़ा रही है. जब उत्पादन क्षमता मांग के मुकाबले ज्यादा हो जाती है, तो प्लांट चलाने का खर्च कंपनी पर अतिरिक्त बोझ बन जाता है. इसी दबाव को कम करने के लिए फॉक्सवैगन अब अपने कारोबार को छोटा, ज्यादा कुशल और कम खर्च वाला बनाने की कोशिश कर रही है.
जर्मनी के इन 4 प्लांट्स पर संकट…..
फॉक्सवैगन के नए प्लान का सबसे बड़ा असर जर्मनी में उसके उत्पादन नेटवर्क पर पड़ सकता है. कंपनी जर्मनी के चार प्रमुख प्लांट्स में वाहन उत्पादन बंद करने की तैयारी कर रही है. इनमें एम्डेन, ज्विकाउ, हनोवर और नेकार्सुल्म शामिल हैं. इन प्लांट्स में उत्पादन बंद होने का असर सिर्फ कर्मचारियों तक सीमित नहीं रहेगा. इनसे जुड़े सप्लायर्स, स्थानीय कारोबार और आसपास की अर्थव्यवस्था पर भी इसका प्रभाव पड़ सकता है.
आधे हो सकते हैं कारों के मॉडल…..
फॉक्सवैगन सिर्फ कर्मचारियों और प्लांट्स की संख्या कम करने तक सीमित नहीं रहना चाहती. कंपनी अपने कार मॉडल्स की संख्या में भी बड़ी कटौती की तैयारी कर रही है. कंपनी का लक्ष्य अपने मॉडल लाइनअप को करीब आधा करने का है. इसका सीधा मतलब है कि फॉक्सवैगन हर तरह के मॉडल पेश करने के बजाय उन कारों पर ज्यादा ध्यान देगी, जिनकी बाजार में मजबूत मांग है. कम मॉडल का मतलब कम पार्ट्स, कम उत्पादन जटिलता और लागत में कमी हो सकता है. कंपनी इसी रणनीति के जरिए अपनी प्रतिस्पर्धात्मक स्थिति मजबूत करना चाहती है.
पहले भी हो चुकी है बड़ी नौकरी कटौती…..
फॉक्सवैगन के लिए यह पहली बड़ी छंटनी नहीं है. इससे पहले कंपनी करीब 50 हजार नौकरियों में कटौती पर सहमति बना चुकी थी. अब प्रस्तावित 50 हजार और नौकरियों की कटौती को जोड़ने पर कंपनी के मौजूदा पुनर्गठन के तहत करीब 1 लाख पदों में कमी हो सकती है. यह आंकड़ा बताता है कि फॉक्सवैगन अपने कारोबार में कितना बड़ा बदलाव करने की तैयारी कर रही है.
ऑटो इंडस्ट्री के लिए बड़ा संकेत….
फॉक्सवैगन का फैसला सिर्फ एक कंपनी की कहानी नहीं है. यह पूरी ग्लोबल ऑटो इंडस्ट्री में हो रहे बदलावों की तस्वीर भी दिखाता है. एक तरफ चीनी कार कंपनियां तेजी से अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपनी जगह बना रही हैं, तो दूसरी तरफ पारंपरिक यूरोपीय और अमेरिकी कंपनियों पर लागत कम करने का दबाव बढ़ रहा है. इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर बढ़ता बाजार, कमजोर मांग, व्यापारिक टैरिफ और अतिरिक्त उत्पादन क्षमता जैसी चुनौतियां कंपनियों की रणनीति बदलने को मजबूर कर रही हैं. ऐसे में फॉक्सवैगन का नया प्लान आने वाले समय में दूसरी बड़ी ऑटो कंपनियों के लिए भी एक संकेत साबित हो सकता है……
