दिल्ली के हरीनगर इलाके में एक 23 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत ने सभी को झकझोर दिया। आग की लपटों में घिरी महिला तीसरी मंजिल से नीचे गिर गई, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के हरीनगर इलाके से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 23 वर्षीय महिला आग की लपटों में घिरी हुई एक मकान की तीसरी मंजिल से नीचे गिर गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस, क्राइम टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञ मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं। शुरुआती जांच में महिला के मानसिक तनाव में होने की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार यह घटना पश्चिमी दिल्ली के हरीनगर थाना क्षेत्र के सी-ब्लॉक स्थित एक मकान में हुई। पुलिस को पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली कि एक महिला आग की लपटों में घिरी हुई तीसरी मंजिल से नीचे गिर गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आसपास के लोग महिला को उपचार के लिए दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) अस्पताल ले जा चुके थे। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान 23 वर्षीय लक्ष्मी के रूप में हुई है।
वैवाहिक विवाद के बाद पिता के साथ रह रही थी
पुलिस जांच में सामने आया है कि लक्ष्मी की शादी राजेंद्र नाम के युवक से हुई थी और दोनों का एक बेटा भी है। वर्ष 2023 में पति-पत्नी के बीच विवाद होने के बाद वह अपने पिता जहान सिंह के साथ हरीनगर में रहने लगी थी।
परिजनों के अनुसार वह उत्तम नगर स्थित एक कपड़ों के शोरूम में काम करती थी। हालांकि घटना से कुछ दिन पहले ही उसने नौकरी छोड़ दी थी। प्रारंभिक जांच में महिला के पिता ने पुलिस को बताया कि नौकरी छोड़ने के बाद वह मानसिक तनाव में रहने लगी थी। विशेष रूप से अपने बेटे की देखभाल और उसकी कस्टडी को लेकर वह काफी परेशान रहती थी।
मौके से नहीं मिला कोई सुसाइड नोट, पुलिस कर रही है हर पहलू की जांच
फिलहाल मृतका के पिता ने किसी भी व्यक्ति पर कोई आरोप नहीं लगाया है। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटनास्थल की जांच के दौरान कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
क्राइम टीम और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
