
मुंबई, 25 मार्च। फिल्म इंडस्ट्री में तेजी से हो रहे बदलावों के बीच अभिनेता इमरान खान ने आज की फिल्मों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उनका कहना है कि आजकल बनने वाली फिल्मों में पहले जैसी भावनात्मक गहराई (इमोशन्स) कम देखने को मिलती है।
सोशल मीडिया पर फैंस से की बातचीत
इमरान खान ने रेडिट पर आयोजित ‘आस्क मी एनीथिंग’ (AMA) सेशन के दौरान अपने फैंस के साथ खुलकर बातचीत की। इस दौरान एक फैन ने कहा कि आजकल ज्यादातर फिल्में सिर्फ कमाई के उद्देश्य से बनाई जा रही हैं और सीक्वल फिल्मों की भरमार हो गई है।
फैन ने कहा कि हर हफ्ते नई एक्शन फिल्में रिलीज हो रही हैं, लेकिन पहले की तरह दिल को छू लेने वाली फील-गुड फिल्में कम हो गई हैं।
‘आप फील-गुड फिल्मों के किंग थे’
फैन ने इमरान खान से कहा,
“आप फील-गुड जॉनर के किंग हुआ करते थे। दर्शकों को फिर से वैसी ही फिल्मों की जरूरत है। मैं आपकी वापसी की खबर सुनकर बहुत उत्साहित था, लेकिन अब तक फिल्म की कोई झलक न देख पाने से निराश हूं।”
इमरान खान ने फैन की बात से जताई सहमति
फैन के सवाल पर प्रतिक्रिया देते हुए इमरान खान ने उसका धन्यवाद किया और कहा कि वह उसकी बात से सहमत हैं।
उन्होंने कहा,
“मैं भी मानता हूं कि आज की फिल्मों में भावनात्मक गहराई की कमी है। यह एक ऐसी चीज है जिस पर खास ध्यान देने की जरूरत है।”
उनके मुताबिक, फिल्म बनाते समय कहानी के साथ-साथ भावनाओं को भी उतनी ही अहमियत दी जानी चाहिए, जो आजकल कम देखने को मिलती है।
‘अधूरे हम अधूरे तुम’ से करेंगे वापसी
इमरान खान ने अपनी आने वाली फिल्म ‘अधूरे हम अधूरे तुम’ के बारे में भी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह फिल्म ऐसी कहानी दिखाने की कोशिश करेगी, जिसमें सच्चाई, समझ और इंसानियत की झलक होगी।
फिलहाल यह फिल्म पोस्ट-प्रोडक्शन में है और इसे इस साल के अंत तक रिलीज करने की योजना है। हालांकि, इसकी अंतिम रिलीज डेट का फैसला नेटफ्लिक्स द्वारा किया जाएगा।
