
नई दिल्ली, 9 मार्च। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को बजट के बाद आयोजित ‘सबका साथ सबका विकास-लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करना’ विषय पर वेबिनार को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जन आकांक्षाओं की पूर्ति सरकार का संकल्प है और यही इस बजट का मूल ध्येय भी है।
शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे सेक्टर पर जोर
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि जन आकांक्षाओं को पूरा करने का सबसे बड़ा माध्यम शिक्षा, कौशल, स्वास्थ्य, पर्यटन, खेल और संस्कृति जैसे मूलभूत क्षेत्र हैं।
उन्होंने कहा कि भारत आज निवारक और समग्र स्वास्थ्य के विजन पर काम कर रहा है और पिछले कुछ वर्षों में देश का हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर काफी मजबूत हुआ है।
प्रधानमंत्री के मुताबिक सैकड़ों जिलों में नए मेडिकल कॉलेज खोले गए हैं और आयुष्मान भारत योजना के जरिए आरोग्य मंदिरों के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाएं गांव-गांव तक पहुंचाई जा रही हैं।
‘केयर इकोनॉमी’ में रोजगार के अवसर
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने ‘केयर इकोनॉमी’ का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आने वाले दशक में देश में वरिष्ठ नागरिकों की संख्या तेजी से बढ़ेगी और दुनिया के कई देशों में केयरगिवर्स की भारी मांग है।
उन्होंने कहा कि हेल्थ सेक्टर में लाखों युवाओं के लिए स्किल आधारित रोजगार के नए अवसर तैयार हो रहे हैं। पीएम मोदी ने विशेषज्ञों से नए ट्रेनिंग मॉडल और पार्टनरशिप विकसित करने के सुझाव देने का भी आग्रह किया।
टेली मेडिसिन पर बढ़ता भरोसा
प्रधानमंत्री ने कहा कि टेली मेडिसिन के जरिए दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोग भी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं। हालांकि उन्होंने इस क्षेत्र में जागरूकता और सुविधा को और बढ़ाने की आवश्यकता बताई।
युवाशक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत
पीएम मोदी ने कहा कि पिछले एक दशक में देश के युवाओं की सोच में बड़ा बदलाव आया है। गांव, कस्बों और शहरों से निकलकर हर युवा कुछ नया करने का जज्बा रखता है।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ, अनुशासित और आत्मविश्वासी युवाशक्ति ही देश की सबसे बड़ी ताकत है।
खेलों को राष्ट्रीय विकास से जोड़ा
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार खेलों को भी राष्ट्रीय विकास की महत्वपूर्ण धारा के रूप में देख रही है। ‘खेलो इंडिया’ जैसी पहलों ने देश में स्पोर्ट्स इकोसिस्टम को नई ऊर्जा दी है और देशभर में खेल बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है।
