
नई दिल्ली, 28 फरवरी। नरेंद्र मोदी ने नेशनल साइंस डे के अवसर पर कहा कि जब ज्ञान विज्ञान के साथ जुड़ता है तो संकटों से मुक्ति का रास्ता अपने आप खुल जाता है।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए कहा कि हमारे शास्त्रों में उल्लेख है कि जब ज्ञान और विज्ञान से हमारा परिचय होता है, तो संसार की समस्याओं और संकटों से निकलने का मार्ग स्वतः प्रशस्त हो जाता है। उन्होंने कहा कि समाधान, विकास और नवाचार का आधार विज्ञान ही है।
पीएम मोदी ने कहा कि नेशनल साइंस डे महान वैज्ञानिक सी. वी. रमन की ‘रमन इफेक्ट’ खोज को समर्पित है। रमन इफेक्ट की खोज ने विज्ञान की दिशा को बदल दिया और भारत को वैश्विक वैज्ञानिक पहचान दिलाई।
प्रधानमंत्री ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा कि यह दिन रिसर्च, इनोवेशन और वैज्ञानिक जिज्ञासा की भावना का उत्सव है, जो देश को आगे बढ़ाती है। उन्होंने युवाओं को सशक्त बनाने, रिसर्च इकोसिस्टम को मजबूत करने और देश के विकास व वैश्विक कल्याण के लिए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के उपयोग का संकल्प दोहराया।
ओम बिरला ने भी राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 28 फरवरी 1928 को रमन प्रभाव की ऐतिहासिक खोज ने भारत को वैज्ञानिक गौरव की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। डॉ. रमन की यह उपलब्धि भारतीय प्रतिभा और नवाचार की वैश्विक पहचान बनी।
उन्होंने कहा कि आज भारत अंतरिक्ष अनुसंधान, हरित ऊर्जा, जैव-प्रौद्योगिकी और डिजिटल नवाचार जैसे क्षेत्रों में वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के चंद्रयान और गगनयान जैसे मिशन इसका उदाहरण हैं।
एस. जयशंकर ने भी वैज्ञानिकों और इनोवेटर्स को बधाई देते हुए कहा कि एआई, स्पेस, डिफेंस, आईटी, हेल्थकेयर, एग्रीकल्चर और रिन्यूएबल एनर्जी जैसे क्षेत्रों में उनकी उपलब्धियां भारत की अर्थव्यवस्था, राष्ट्रीय सुरक्षा और युवाओं को प्रेरणा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
